विज्ञापन
This Article is From Jul 24, 2013

मुंबई में जोरदार बारिश, समंदर में उठी ऊंची लहरें, अलर्ट जारी

Quick Take
Summary is AI generated, newsroom reviewed.
भारी बारिश से शहर के बाहरी इलाके में मुम्ब्रा बाईपास पर करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में सड़क धंस गई, जिससे इसे यातायात के लिए बंद कर दिया गया।
मुंबई: मुंबई में आज सुबह से कभी तेज तो कभी रुक−रुककर बारिश हो रही है। इसके साथ ही समंदर में भी ऊंची लहरें उठ रही है। अगले 48 घंटों में मौसम विभाग ने तेज बारिश की चेतावनी दी है।

इससे पहले समंदर में आज हाई टाइड की चेतावनी दी गई थी, जिसके चलते बीएमसी ने स्कूलों को बंद करने के आदेश दिए हैं। साथ ही विभिन्न दफ्तरों में भी छुट्टी घोषित कर दी गई और लोगों को जरूरत पड़ने पर ही घरों से निकलने की हिदायत दी गई है।

बारिश का असर मुंबई की लाइफ लाइन लोकल ट्रेन पर भी दिख रहा है। सेंट्रल और हार्बर लाइन पर चलने वाली लोकल 10 मिनट की देरी से चल रही है। भारी बारिश से शहर के बाहरी इलाके में मुम्ब्रा बाईपास पर सुबह करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में सड़क धंस गई, जिससे इसे यातायात के लिए बंद कर दिया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बाईपास पर लंबे क्षेत्र में बड़े गड्ढे बन गए हैं और यह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। ऐहतियात के तौर पर इसे यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। बाईपास बंद किए जाने से शहर के अंदरूनी हिस्सों में सड़कों पर जाम लग गया।

इस बीच, मौसम विभाग ने दोपहर करीब डेढ़ बजे हाई टाइड की आशंका जताई है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। इसके अलावा ठाणे, कोंकण से लेकर पश्चिम-मध्य महाराष्ट्र, मराठवाडा और विदर्भ में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

कभी सूखे की मार झेलने वाले विदर्भ में इतना पानी बरस चुका है कि ये जानलेवा साबित हो रहा है। यहां 49 लोगों की जान जा चुकी है और खेती को काफी नुकसान पहुंचा है। सबसे अधिक असर मध्य रेलवे की पटरियों पर पड़ा है। वर्धा के पास पटरियों के नीचे से मिट्टी बह जाने से मुंबई-नागपुर के बीच कई गाड़ियों को रद्द किया गया है, जिनमें सेवाग्राम और नंदीग्राम एक्सप्रेस शामिल हैं।

(इनपुट भाषा से भी)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
मुंबई बारिश, मुंबई में जोरदार बारिश, मुंबई मौसम, Mumbai Rain, Mumbai Heavy Rainfall, Mumbai Weather