विज्ञापन
This Article is From Jun 10, 2012

ओडिशा में लू का कहर जारी, 32 की मौत

भुवनेश्वर: ओडिशा के कई हिस्सों में रविवार को भी भीषण लू का चलना जारी रहा और गर्मी के कारण राज्य में मरने वालों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है। राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग के अधीनस्थ सचिव पीआर महापात्रा ने बताया कि राज्य में लू के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है।

कुछ तटीय इलाकों में पिछले दो दिनों के दौरान हालांकि तापमान थोड़ा कम हुआ है, लेकिन राज्य के पश्चिमी हिस्से भयानक तपिश से जूझ रहे हैं, जहां पारा 46 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र ने एक बुलेटिन में कहा है कि सम्बलपुर जिला मुख्यालय और जिले के हीराकुंड कस्बे में शनिवार को क्रमश: अधिकतम 45.5 डिग्री सेल्सियस और 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने कहा है कि सुबर्णपुर जिला मुख्यालय सोनपुर और बालंगीर जिले के तितलागढ़ कस्बे में दिन का अधिकतम तापमान अलग-अलग 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी भुवनेश्वर में इस वर्ष 5 जून को, इसके पहले के सर्वाधिक तापमान का रिकार्ड (22 मई, 1972 को 46.5 डिग्री सेल्सियस) तोड़ने वाला 46.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। मौसम विज्ञानियों ने अनुमान किया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य में अगले सप्ताह दस्तक दे सकता है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Heat Wave In Odisha, ओडिशा में लू, ओडिशा में गर्मी से मौतें