यह ख़बर 30 अगस्त, 2014 को प्रकाशित हुई थी

भाजपा ने विश्वास के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की धमकी दी

फाइल फोटो

नई दिल्ली:

भाजपा ने आज आम आदमी पार्टी नेता कुमार विश्वास के खिलाफ उनके इस आरोप के लिए कानूनी कार्रवाई की धमकी दी कि भाजपा के एक सांसद ने उनसे संपर्क कर पार्टी में शामिल होकर सरकार गठन में मदद करने के लिए कहा था।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने संवाददाताओं से कहा, 'पार्टी कुमार विश्वास के ऐसे आधारहीन आरोपों का कड़ा खंडन करती है। भाजपा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की संभावना तलाश रही है।' उपाध्याय ने कहा कि आप के लिए ऐसे आरोप लगाना कोई नहीं बात नहीं है। उन्होंने कहा कि विश्वास को तत्काल भाजपा के उस सांसद के नाम का खुलासा करना चाहिए, जिसने उनसे मुलाकात की थी। साथ ही वह यह भी बताएं कि दोनों के बीच क्या चर्चा हुई थी।

उन्होंने कहा, 'आप के लिए जानबूझकर बार-बार ऐसी भ्रामक चीजें फैलाना सही नहीं है। अगर विश्वास के पास दावे को साबित करने के लिए कोई सबूत है तो उन्हें उसे दिल्ली की जनता के सामने रखना चाहिए।'

अमेठी से कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़कर हार का सामना करने वाले विश्वास ने दावा किया है कि भाजपा के एक सांसद ने उन्हें पेशकश की थी कि अगर वह आप के कुछ विधायकों के साथ पार्टी में आते हैं और सरकार बनाने में मदद करते हैं तो उन्हें मुख्यमंत्री बना दिया जाएगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

हालांकि विश्वास ने उस भाजपा सांसद की पहचान बताने से इनकार कर दिया, लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि पेशकश करने वाले मनोज तिवारी थे। वहीं तिवारी ने अपनी कथित संलिप्तता को खारिज करते हुए कहा कि यह आप के नेताओं द्वारा उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास है।