विज्ञापन
This Article is From Jul 02, 2020

मध्यप्रदेश के शिवराज सिंह चौहान मंत्रिमंडल के विस्तार पर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती नाखुश

बीजेपी की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने मध्यप्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष वीडी शर्मा और विनय सहस्त्रबुद्धे को पत्र लिखा, कहा कि उनके सहयोगियों को मंत्रिमंडल में तवज्जो नहीं दी गई

बीजेपी की वरिष्ठ नेत्री और मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती (फाइल फोटो).
भोपाल:

मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान सरकार के मंत्रिमंडल का गुरुवार को विस्‍तार किया गया. प्रदेश की कार्यकारी राज्‍यपाल आनंदीबेन पटेल ने 28 विधायकों को मंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इसमें 20 कैबिनेट स्‍तर के और आठ राज्‍य मंत्री हैं. बीजेपी की वरिष्ठ नेत्री और मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती शिवराज मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर नाराज हैं. उन्होंने कहा है कि उनके सहयोगियों को मंत्रिमंडल में जगह नहीं दी गई है. इसको लोकरे उन्होंने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष को पत्र भी लिखा है. 

मध्यप्रदेश की पूर्व सीएम उमा भारती प्रदेश मंत्रिमंडल में विस्तार को लेकर नाखुश हैं. उन्होंने मध्यप्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष वीडी शर्मा और विनय सहस्त्रबुद्धे को पत्र लिखा है. उन्होंने कहा है कि उनके सहयोगियों को मंत्रिमंडल में तवज्जो नहीं दी गई. उमा भारती ने मंत्रिमंडल में जातीय संतुलन को लेकर भी सवाल उठाए हैं. 

मध्यप्रदेश में मंत्रिमडल का विस्तार हुआ है और आज उमा भारती की लखनऊ के न्यायालय में अयोध्या कांड को लेकर सुनवाई चल रही है.

शिवराज सिंह चौहान सरकार के मंत्रिमंडल का गुरुवार को विस्‍तार किया गया. मंत्रिमंडल में 20 कैबिनेट स्‍तर के और आठ राज्‍य मंत्री शामिल किए गए हैं. मंत्रिमंडल में ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया ग्रुप को खास तरजीह मिली है. इस खेमे के 10 विधायकों को मंत्री बनाया गया है. शपथ लेने वाले प्रमुख मंत्रियों में कमलनाथ की कांग्रेस सरकार के दौरान नेता प्रतिपक्ष रहे गोपाल भार्गव, विजय शाह, जगदीश देवड़ा, यशोधरा राजे सिंधिया, भूपेंद्र सिंह और विश्‍वास सारंग शामिल हैं.

सिंधिया खेमे से मंत्री पद की शपथ लेने वालेां में इमरती देवी, प्रमुराम चौधरी, महेंद्र सिंह सिसोदिया शामिल हैं. मध्‍यप्रदेश के राज्‍यपाल लाल जी टंडन के अस्‍वस्‍थ होने के कारण यूपी की राज्‍यपाल आनंदी बेन पटेल को मध्‍यप्रदेश के राज्‍यपाल पद का अतिरिक्‍त कार्यभार सौंपा गया था. उन्‍होंने नए मंत्रियों को शपथ दिलाई. मंत्रिमंडल के आज के इस विस्‍तार के साथ शिवराज सिंह कैबिनेट में मंत्रियों की संख्‍या 33 हो गई है. शिवराज सिंह चौहान के सीएम के रूप में शपथ ग्रहण करने के दौरान उनके साथ पांच मंत्रियों ने शपथ ली थी.

गुरुवार को जिन नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली, उनमें गोपाल भार्गव, विजय शाह, जगदीश देवड़ा, मल्‍हारगढ़, बिसाहू लाल सिंह, यशोधरा राजे सिंधिया, भूपेंद्र सिंह, एंदल सिंह कंसाना, विजेंद्र प्रताप सिंह, विश्‍वास सारंग, इमरती देवी, प्रभुराम चौधरी, महेंद्र सिंह सिसोदिया, प्रेम सिंह पटेल,ओपी सकलेचा, उषा ठाकुर, अरविंद भदौरिया, मोहन यादव, हरदीप सिंह डंग, राज्‍यवर्धन सिंह दत्‍तीगांव शामिल हैं. इन सभी ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है. इनके अलावा भारत सिंह कुशवाहा, इंदर सिंह परमार, रामखिलावन पटेल, राम‍किशोर कांवरे, बृजेंद्र सिंह यादव, गिर्राज दंडोतिया, सुरेश धाकड़ और ओपी भदौरिया ने राज्‍यमंत्री के रूप में शपथ ली है.

VIDEO: मध्यप्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार, 28 मंत्रियों ने ली शपथ

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uma Bharti, Madhya Pradesh Cabinet Expansion, Shivraj Singh Chauhan, BJP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com