विज्ञापन
This Article is From Jun 25, 2020

पेट्रोल-डीज़ल मूल्यवृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन मामले में दिग्विजय सिंह समेत 150 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज

मध्य प्रदेश में बुधवार को कांग्रेस पार्टी ने जबरदस्त प्रदर्शन किया था, जिसके बाद लगभग 150 लोगों पर FIR दर्ज की गई है. इस मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह समेत 150 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज की गई है.

पेट्रोल-डीज़ल मूल्यवृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन मामले में दिग्विजय सिंह समेत 150 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज
कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में बुधवार को विरोध में साइकिल यात्रा निकाली थी.
  • कांग्रेस ने MP में निकाली थी साइकिल यात्रा
  • पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों का किया था विरोध
  • अब दिग्विजिय सिंह सहित 150 कार्यकर्ताओं पर FIR
भोपाल:

पेट्रोल-डीज़ल मूल्यवृद्धि के खिलाफ मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रही है. मध्य प्रदेश में बुधवार को कांग्रेस पार्टी ने जबरदस्त प्रदर्शन किया था, जिसके बाद राजधानी भोपाल में लगभग 150 लोगों पर FIR दर्ज की गई है. इस मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह समेत 150 कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज की गई है. पुलिस ने सरकारी आदेश के उल्लंघन के मामले में आईपीसी की अलग-अलग धाराओं में दिग्विजय सिंह और ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश मिश्रा के ख़िलाफ़ पुलिस ने FIR दर्ज की है. बता दें कि बुधवार को पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ ने हर जिला मुख्यालाय में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था.

बुधवार को दिग्विजय के नेतृत्व में कांग्रेस ने भोपाल में रोशनपुरा चौराहे से मुख्यमंत्री आवास तक साइकिल रैली निकालने का ऐलान किया और बड़ी संख्या में कांग्रेसी इकट्ठा हुए. हालांकि, बिना अनुमति प्रदर्शन करने के कारण पुलिस ने कांग्रेसियों के काफिले को अपेक्स बैंक तिराहे पर रोक लिया. इसके बाद पुलिस ने दिग्विजय समेत 150 कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन करने, सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने और कलेक्टर का आदेश न मानने के कारण हिरासत में ले लिया.

दिग्विजय ने बाद में कहा, 'डीजल की कीमत बढ़ती है तो इससे सभी ज़रूरी चीज़ों की कीमतों में इज़ाफा होता है. किसानों के लिए खेती करना मुश्किल हो जाता है. पब्लिक ट्रांसपोर्ट का किराया बढ़ता है. लेकिन केंद्र सरकार को सिर्फ अपने राजस्व को बढ़ाने से मतलब है, उसे गरीब की कोई फिक्र नहीं है.' उन्होंने याद दिलाया कि जब 2008 में पेट्रोल की कीमत 50 रुपए हुई थी, तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने साइकिल यात्रा निकाली थी. लेकिन अब तो पेट्रोल की कीमत 80 रुपए है. अगर शिवराज सिंह ईमानदार व्यक्ति हैं तो उन्हें अब भी साइकिल यात्रा निकालना चाहिए.'

दिग्विजय सिंह की साइकिल यात्रा पर तंज कसते हुए गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा था, 'दो तरह की सोच काम करती है, कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में 5 रुपए कम करने की बात कही थी. हिम्मत है तो साइकिल पर बैठने से पहले जनता से दिग्विजय सिंह माफी मांगे. कांग्रेस ने अपने राज में तेल के दाम कम नहीं किए थे बल्कि 2 रुपए बढ़ाए थे. 2 रुपए तेल पर बढ़ाकर जैकलीन और सलमान पर कमलनाथ सरकार खर्च कर रही थी. बीजेपी सरकार तेल के दाम बढ़ाकर कोरोना पर खर्च करती हैं.'

इस मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट पर लिखा, 'पूरे देश में सबसे महंगा पेट्रोल मध्यप्रदेश में , के बाद आज एक और बना रिकॉर्ड. भारतीय इतिहास में पहली बार दिल्ली में डीज़ल , पेट्रोल से महँगा हुआ. लगातार आज 18 वे दिन भी डीज़ल की क़ीमत में वृद्धि। जनता पर निरंतर महंगाई की मार.'

बुधवार को पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में प्रदेश व्यापी प्रदर्शन के तहत साइकिल यात्रा निकाली थी. इस यात्रा में रोशनपुरा चौराहे से लिंक रोड स्थित मुख्यमंत्री के वर्तमान निवास तक कार्यकर्ताओं ने साइकिल से यात्रा की थी और विरोध-प्रदर्शन दर्ज कराया था. 

बता दें कि पेट्रोल-डीजल के दामों में पिछले 18 दिनों से लगातार वृद्धि हुई है. आलम यह है कि राजधानी दिल्ली में पेट्रोल से महंगा डीजल बिक रहा है. 

VIDEO: खबरों की खबर- इतिहास में पहली बार दिल्ली में पेट्रोल से महंगा हुआ डीजल, लोग हुए परेशान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Petrol Diesel Price Surge, Congress Protests, FIR Against Digvijay Singh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com