यह ख़बर 05 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

बाबा रामदेव एक ठग हैं : दिग्विजय

खास बातें

  • रामदेव पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन की आड़ लेकर लोगों को भड़काने का काम किया।
New Delhi:

कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने रविवार को योग गुरु बाबा रामदेव पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन की आड़ लेकर लोगों को भड़काने का काम किया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि रामलीला मैदान में अनशन शुरू किए जाने से पहले ही उनके और सरकार के बीच समझौता हो चुका था लेकिन वह इससे पीछे हट गए। दिग्विजय ने कहा, "बाबा ने लोगों को धोखा दिया। वह एक ठग हैं। मीडिया को इस बारे में सोचना चाहिए कि किसे महत्व देना चाहिए।" रामलीला मैदान में मौजूद हजारों समर्थकों को तितर-बितर करने के लिए रविवार तडके पुलिस ने लाठी चार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह पूरी तरह से एक प्रशासनिक कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में नियम और कानून का पालन किया गया है। दिग्विजय ने कहा, "आप रामदेव जैसे लोगों को दिल्ली में दंगा करने की इजाजत नहीं दे सकते। उन्होंने पहले कहा था कि वह योग शिविर चलाएंगे लेकिन उन्होंने लोगों को भड़काने की कोशिश की। यह कार्रवाई करना प्रशासन का काम है और यह पूरी तरह से सही है।" दिग्विजय ने कहा कि योग गुरु बाबा रामदेव एक ठग हैं और उनके साथ वैसा ही व्यवहार किया गया जैसा एक ठग के साथ किया जाता है। उन्होंने बाबा की सम्पत्ति की जांच की भी मांग की।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com