विज्ञापन
This Article is From Apr 22, 2013

मप्र में दुष्कर्म पर गुस्सा भड़का, महिलाओं पर लाठीचार्ज

मध्य प्रदेश में बालिकाओं से लेकर महिलाओं के साथ बढती दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
भोपाल: मध्य प्रदेश में बालिकाओं से लेकर महिलाओं के साथ बढती दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया।

गृहमंत्री उमाशंकर गुप्ता के आवास का घेराव करने जा रही महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई। हालात को काबू करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इससे प्रदर्शनकारी कई महिलाओं को चोटें आई हैं, वहीं दो दर्जन से ज्यादा महिला कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर रिहा कर दिया गया।

महिला कांग्रेस की प्रदेश इकाई ने सोमवार को राजधानी भोपाल के रंगमहल चौराहे पर राज्य में बढती दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में धरना प्रदर्शन का ऐलान किया था। महिला कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन के दौरान अपने विरोध का इजहार करने गृहमंत्री गुप्ता के घर की ओर बढीं। इन महिलाओं के हाथ में बैनर, मटके और चूड़ियां थीं।

गृहमंत्री के आवास का घेराव करने जा रही महिलाओं को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इस पर महिलाओं व पुलिस बल में झड़प हो गई। पुलिस ने महिला कार्यकर्ताओें को खदेड़ने के लिए उनपर लाठीचार्ज कर दिया। इस लाठीचार्ज में 10 से ज्यादा महिलाओं को चोटें भी आई है। वहीं दो दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ताओं केा गिरफ्तार किया और बाद में रिहा कर दिया गया।  

महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष अर्चना जायसवाल का कहना है कि राज्य में दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर गृहमंत्री उमाशंकर गुप्ता तक किसी तरह का बयान देने सामने नहीं आ रहे हैं। वैसे तो अपने को महिलाओं का हिमायती बताते हैं मगर अत्याचार होने पर कोई मुंह खोलने तक को तैयार नहीं है।

जायसवाल ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रही महिलाओं से पुरुष पुलिस जवानों ने अभद्रता की है। महिला पुलिस बल नहीं था और पुरुष जवानों ने बर्बर कार्रवाई की है।

गृहमंत्री के आवास का घेराव करने जा रही महिलाएं पुतले, चूड़ी व मटके आदि लिए हुए थीं। वे गृहमंत्री के आवास का घेराव कर पुतला जलाना और चूड़ियां भेंट करना चाहती थी।

वहीं राज्य के गृहमंत्री उमाशंकर गुप्ता ने कहा है कि दुष्कर्म के आरोपियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। साथ ही यह कृत्य मानसिक विकृति को दर्शाता है। इस विकृति को रोकने के सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। विभिन्न सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं से चर्चा कर प्रदेश स्तरीय विमर्श का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें विकृति को रोकने के लिए किस तरह के प्रयास हों, इस पर चर्चा होगी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
मप्र में दुष्कर्म, गुस्सा, महिलाओं पर लाठीचार्ज, Rape In MP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com