विज्ञापन
This Article is From Jan 24, 2021

संयुक्त किसान मोर्चा ने गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड को लेकर किसानों को हिदायतें दीं

संयुक्त किसान मोर्चा ने किसानों से कहा है कि हम दिल्ली को जीतने नहीं जा रहे हैं, हम देश की जनता का दिल जीतने जा रहे

संयुक्त किसान मोर्चा ने गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड को लेकर किसानों को हिदायतें दीं
प्रतीकात्मक फोटो.
नई दिल्ली:

संयुक्त किसान मोर्चा (Sanyukta Kisan Morcha) ने किसान गणतंत्र परेड (ट्रैक्टर परेड) को लेकर किसानों (Farmers) को हिदायतें दी हैं. किसान मोर्चा ने कहा है कि हम इतिहास बनाने जा रहे हैं. आज तक देश में गणतंत्र दिवस (Republic Day) पर इस देश के गण यानी कि हम लोगों ने कभी इस तरह परेड नहीं निकाली है. हमें इस परेड के जरिए देश और दुनिया को अपना दुख दर्द दिखाना है, तीनों किसान विरोधी कानूनों की सच्चाई को बताना है. हमें ध्यान रखना है कि इस ऐतिहासिक परेड में किसी किस्म का धब्बा ना लगने पाए. परेड शांतिपूर्वक पूरी हो. इसमें हमारी जीत है. याद रखिए, हम दिल्ली को जीतने नहीं जा रहे हैं, हम देश की जनता का दिल जीतने जा रहे हैं.

संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा है कि संयुक्त किसान मोर्चा ने सर्वसम्मति से परेड के लिए हिदायतें बनाई हैं. आप इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों के साथ शेयर करें. अगर कुछ पूछना हो तो अपने संगठन के नेताओं से पूछें या फिर हेल्पलाइन नंबर 7428384230 पर कॉल करें.

परेड से पहले की तैयारी
1. परेड में ट्रैक्टर और दूसरी गाड़ी चलेंगी, लेकिन ट्रॉली नहीं जाएगी. जिन ट्रालियों में विशेष झांकी बनी होगी उन्हें छूट दी जा सकती है. पीछे से ट्रॉली की सुरक्षा का इंतजाम करके जाएं.
2. अपने साथ 24 घंटे का राशन पानी पैक करके चलें. जाम में फंसने पर ठंड से बचाव का इंतजाम भी रखें. 
3. संयुक्त किसान मोर्चा की अपील है कि हर ट्रैक्टर या गाड़ी पर किसान संगठन के झंडे के साथ-साथ राष्ट्रीय झंडा भी लगाया जाए. किसी भी पार्टी का झंडा नहीं लगेगा.
4. अपने साथ किसी भी तरह का हथियार ना रखें, लाठी या जेली भी ना रखें. किसी भी भड़काऊ या नेगेटिव नारे वाले बैनर ना लगाएं.
5 परेड में शामिल होने की सूचना देने के लिए आप 8448385556 पर एक मिस्ड कॉल लगा दें.

परेड के दौरान हिदायतें
1. परेड की शुरुआत किसान नेताओं की गाड़ी से होगी. उनसे पहले कोई ट्रैक्टर या गाड़ी रवाना नहीं होगी. हरे रंग की जैकेट पहने हमारे ट्रैफिक वॉलिंटियर की हर हिदायत को माने.
2. परेड का रूट तय हो चुका है. उसके निशान लगे होंगे. पुलिस और ट्रैफिक वॉलिंटियर आपको गाइड करेंगे. जो गाड़ी रूट से बाहर जाने की कोशिश करेगी उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी. 
3. संयुक्त किसान मोर्चा का फैसला है कि अगर कोई गाड़ी सड़क पर बिना कारण रुकने या रास्ते में डेरा जमाने कि कोशिश करती है, तो हमारे वॉलंटियर उन्हें हटाएंगे. सब गाड़ियां परेड पूरी करके वही वापस पहुंचेंगी जहां से शुरू हुई थी.
4. एक ट्रैक्टर पर ज्यादा से ज्यादा ड्राइवर समेत पांच लोग सवार होंगे. बोनट, बंपर या छत पर कोई नहीं बैठेगा.
5. सब ट्रैक्टर अपनी लाइन में चलेंगे कोई रेस नहीं लगाएगा. परेड में किसान नेताओं की गाड़ियों से आगे या उनके साथ अपनी गाड़ी लगाने की कोशिश नहीं करेगा.
6. ट्रैक्टर में अपना ऑडियो डेक नहीं बजाएं. इससे बाकी लोगों को मोर्चा की ऑडियो से हिदायतें सुनने में दिक्कत होगी.
7. परेड में किसी भी किस्म के नशे की मनाही रहेगी. अगर आपको कोई भी नशा करके ड्राइव करते हुए दिखाई दे तो उसकी सूचना नजदीक के ट्रैफिक वॉलिंटियर को दें.
8. याद रखिए हमें गणतंत्र दिवस की शोभा बढ़ानी है, पब्लिक का दिल जीतना है. इस बात का खास ख्याल रखें कि औरतों से पूरी इज्जत से पेश आएं. पुलिस का सिपाही भी यूनिफॉर्म पहने हुए किसान है, उससे कोई झगड़ा नहीं करना. मीडिया वाले चाहे जिस भी चैनल से हों, उनके साथ किसी तरह की बदतमीजी ना हो. 
9. कचरा सड़क पर ना फेंके. अपने साथ कचरे के लिए एक बैग अलग से रखें.

दिल्ली: किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान एक्टिव कॉल्स पर भी नजर रखेगी पुलिस

इमरजेंसी की हिदायतें
संयुक्त किसान मोर्चा ने हर किस्म की इमरजेंसी का इंतजाम किया है इसलिए कोई दिक्कत होने पर घबराएं नहीं, बस इन हिदायतों का पालन करें:
1. किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें. अगर कोई बात चेक करना हो तो संयुक्त किसान मोर्चा की फेसबुक पर जाकर सच्चाई की जांच कर लें.
2. परेड में बीच-बीच में एंबुलेंस रहेंगी अस्पतालों के साथ इंतजाम किया गया है कोई मेडिकल इमरजेंसी हो तो हेल्पलाइन नंबर पर फोन करें या नजदीकी वालंटियर को बताएं.
3. ट्रैक्टर या गाड़ी खराब होने की स्थिति में उसे बिल्कुल साइड में लगा दें और वॉलिंटियर से संपर्क करें या हेल्पलाइन पर कॉल करें.
4. संयुक्त किसान मोर्चा का हेल्पलाइन नंबर इस परेड के लिए 24 घंटे खुला रहेगा कुछ भी पूछना हो या बताना हो तो तुरंत फोन करें.
5. अगर कोई वारदात हो तो उसकी खबर पुलिस कंट्रोल रूम को 112 नंबर पर दे सकते हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sanyukta Kisan Morcha, Tractor Parade, Instructions
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com