यह ख़बर 26 नवंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

सिरसा में कर्फ्यू जारी, अर्द्धसैनिक बल तैनात

खास बातें

  • हरियाणा के सिरसा शहर में डेरा सच्चा सौदा सम्प्रदाय और सिख समुदाय के लोगों के बीच हिंसक झड़पों के बाद शहर में लगाया गया कर्फ्यू लगातार दूसरे दिन रविवार को भी जारी रहा।
सिरसा:

हरियाणा के सिरसा शहर में डेरा सच्चा सौदा सम्प्रदाय और सिख समुदाय के लोगों के बीच हिंसक झड़पों के बाद शहर में लगाया गया कर्फ्यू लगातार दूसरे दिन रविवार को भी जारी रहा। इस बीच पूरे शहर की नाकेबंदी कर दी गई है और पुलिस की सहायता के लिए अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है।

जिला के एक अधिकारी ने कहा कि सिरसा में कानून व्यवस्था बहाल करने के लिए पूरे शहर की नाकेबंदी कर दी गई। बाहर से आने वाले वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। राज्य परिवहन निगम की सिरसा से बस सेवाएं रद्द कर दी गई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और त्वरित कार्रवाई बल के साथ ही अर्द्धसैनिक बल की सात कंपनियां तैनात की गई हैं। स्थानीय पुलिस साथ अर्द्धसैनिक कंपनियों ने फ्लैग मार्च भी किया। पूरे शहर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

अधिकारियों ने बताया, "बीते 12 घंटों में शहर में किसी भी तरह की हिंसा की खबर नहीं है, हालांकि दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है।"

पुलिस ने बताया, "डेरा सच्चा सौदा सम्प्रदाय के अनुयायियों और सिख समुदाय के लोगों बीच हुई हिंसा में कम से कम 12 लोग जख्मी हो गए थे। गुस्साई भीड़ ने छह वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया। घटना शहर के वाल्मीकी चौक पर हुई।" घायलों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जिला अधिकारियों ने बताया कि हालात बिगड़ने से बचाने के लिए शनिवार शाम से कर्फ्यू लगा दिया गया था।

उपायुक्त जे. गणेशन ने रविवार को शहरवासियों से कर्फ्यू के दौरान अपने घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 28 नवम्बर तक के लिए सभी शैक्षिक संस्थान, स्कूल एवं कालेज बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया, "किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए शहर में हर जगह पुलिस बल को तैनात किया गया है।"

गणेशन ने बताया कि पुलिस अधिकारियों को स्थिति पर नजर रखने के लिए थानों के सम्पर्क में रहने और सार्वजनिक सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के खिलाफ की गई टिप्पणी के बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उल्लेखनीय है कि बीते चार वर्षों से पंजाब में दोनों पक्षों के बीच हिंसा की घटनाएं होती रहती हैं।