भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) के नए मामलों में लगातार गिरावट देखी जा रही है. पिछले कुछ दिनों से 20 हजार के नीचे नए मामले आ रहे हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में बीते 24 घंटों में COVID-19 के 18,166 नए मामले सामने आए हैं. जो पिछले 214 दिनों में सबसे कम है. देश में अब तक कुल कोविड संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3 करोड़ 39 लाख से ऊपर पहुंच गई है. वहीं, पिछले 24 घंटों में कुल 214 लोगों की कोविड से मौत हुई है. अबतक देश में कोविड से कुल 4 लाख 50 हजार 589 लोगों की मौत हो चुकी है.
पिछले 24 घंटों के दौरान नए मामलों के मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों की संख्या अधिक रही. इससे देश में एक्टिव केस घटे हैं. फिलहाल, देशभर में कुल 2,30,971 मरीजों का कोरोना इलाज चल रहा है. यह आंकड़ा पिछले 208 दिनों में सबसे कम है. प्रतिशत की बात की जाए तो एक्टिव केस कुल संक्रमण का एक फीसदी से भी कम है. फिलहाल यह 0.68 फीसदी है, जो मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है.
फिलहाल, देश में रिकवरी रेट 97.99 फीसदी दर्ज की गई है, जो मार्च 2020 के बाद से सबसे ज्यादा है. पिछले 24 घंटों में देशभर में 23,624 मरीज कोविड महामारी से स्वस्थ हुए हैं. अब तक देशभर में कुल 3 करोड़, 32 लाख से ज्यादा लोग कोरोना महामारी को मात दे चुके हैं.
वहीं, महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2,486 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या 65,75,578 पर पहुंच गयी जबकि महामारी से 44 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 1,39,514 हो गई.