Coronavirus India Updates: भारत समेत दुनिया भर के 190 से ज्यादा देश कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण से प्रभावित हैं. दुनिया में अब तक 22 करोड़ 90 लाख से अधिक लोग COVID-19 की चपेट में आ चुके हैं. यह वायरस 46 लाख से अधिक लोगों की जिंदगी छीन चुका है. भारत (Coronavirus India Report) में COVID-19 के मामले अब घट रहे हैं. कुल संक्रमितों की संख्या तीन करोड़ 35 लाख से अधिक हो चुकी है. भारत में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान जारी है. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 3,35,04,534 हो गई है. मंगलवार को समाप्त 24 घंटों (सोमवार सुबह 8 बजे से लेकर मंगलवार सुबह 8 बजे तक) में कोरोना के 26,115 नए मामले सामने आए हैं. इस एक दिन में 34,469 मरीज ठीक हुए हैं. इस दौरान 252 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है. अब तक तीन करोड़ 27 लाख से अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं. कोरोना से अब तक 4.45 लाख से अधिक लोगों की जान गई है. कोरोना के मौजूदा मामलों की संख्या तीन लाख 9 हजार से अधिक है. महाराष्ट्र में मंगलवार को कोविड-19 के 3,131 नए मामले सामने आने के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 65,27,629 हो गई जबकि 70 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की तादाद 1,38,616 तक पहुंच गई है. बीते 24 घंटे में 4,021 मरीजों के संक्रमण से उबरने की पुष्टि हुई है जिसके बाद संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 63,44,744 हो गई है.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)