यह ख़बर 13 जनवरी, 2013 को प्रकाशित हुई थी

दिल्ली मेट्रो में तैनात होंगी 25 फीसदी महिला सीआईएसएफ कर्मी

खास बातें

  • राष्ट्रीय राजधानी के थानों में अधिक महिला स्टाफ तैनात करने की सरकार की घोषणा के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने तय किया है कि दिल्ली मेट्रो में भी महिला जवानों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
नई दिल्ली:

राष्ट्रीय राजधानी के थानों में अधिक महिला स्टाफ तैनात करने की सरकार की घोषणा के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने तय किया है कि दिल्ली मेट्रो में भी महिला जवानों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

सीआईएसएफ के प्रमुख राजीव ने बताया कि हमने अपने महिला कर्मियों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया है। दिल्ली मेट्रो में कुल तैनात जवानों में से 25 फीसदी महिलाएं होंगी। राजीव ने कहा कि महिला जवानों की ड्यूटी मेट्रो ट्रेनों में गश्त पर होगी। उन्हें जांच और विशेष निरीक्षण कार्यों में भी लगाया जाएगा।

महानिदेशक ने कहा कि चरणबद्ध ढंग से महिला जवानों की संख्या संतोषजनक स्तर तक पहुंचाई जाएगी। इस समय दिल्ली मेट्रो नेटवर्क पर सीआईएसएफ के 5000 जवान तैनात हैं और इनमें से करीब 800 ही महिला जवान हैं। गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी के 166 थानों में से हर एक थाने पर दो महिला सब इंस्पेक्टर और 10 महिला कांस्टेबल तैनात की जाएंगी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

राजीव के मुताबिक सीआईएसएफ ने दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों से कहा है कि स्टेशनों पर सुरक्षा और बेहतर नियंत्रण के लिए मेट्रो स्टेशनों के चुनिन्दा नियंत्रण कक्षों तक उसके जवानों को पंहुच मिले। पहले चरण के तहत मेट्रो के कुछ स्टेशनों में और सीसीटीवी लगाए जाएंगे। ये सभी निर्देश पिछले महीने दिल्ली में एक 23-वर्षीय युवती के साथ सामूहिक बलात्कार के संदर्भ में जारी किए गए हैं।