यह ख़बर 17 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

उपचुनाव नतीजों में कांग्रेस हुई चारों खाने चित

खास बातें

  • उपचुनावों में कांग्रेस को करारी हार मिली है लेकिन कांग्रेस इस बात को खारिज कर रही है कि उपचुनावों में अन्ना हजारे का कोई प्रभाव रहा है।
नई दिल्ली/हिसार:

हरियाणा के हिसार संसदीय क्षेत्र सहित जिन पांच राज्यों की विधानसभा सीटों के लिए 13 अक्टूबर को उपचुनाव के तहत मतदान हुए थे, उनमें से हिसार लोकसभा सीट व तीन विधानसभा सीटों के परिणाम सोमवार को घोषित कर दिए गए। ये चारों परिणाम कांग्रेस के विरुद्ध गए हैं। यही नहीं हिसार में कांग्रेस उम्मीदवार की जमानत तक जब्त हो गई है। जिन राज्यों की विधानसभा सीटों के उपचुनाव परिणाम घोषित हुए हैं, उनमें आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार शामिल हैं। इनमें से किसी एक पर भी कांग्रेस को सफलता नहीं मिली है। आंध्र प्रदेश की बांसवाड़ा विधानसभा सीट तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस)के खाते में गई है, वहीं महाराष्ट्र की खड़कवासला सीट पर भारतीय जनता पार्टी-शिवसेना उम्मीदवार को कामयाबी मिली है। बिहार की दुरौंधा विधानसभा सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)का कब्जा बरकरार रहा है। हिसार संसदीय सीट पर हरियाणा जनहित कांग्रेस (एचजेसी) के उम्मीदवार कुलदीप बिश्नोई 355,541 वोट पाकर  विजयी घोषित हुए है। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के उम्मीदवार अजय चौटाला बिश्नोई से 5,923 मतों से पीछे रहकर दूसरे स्थान पर रहे। जबकि कांग्रेस उम्मीदवार जयप्रकाश अपनी जमानत तक नहीं बचा सके। वह 149,785 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे। केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा, "चुनावों में पार्टी की हार हमेशा दुखदायी होती है। और हमें इस बात का विश्लेषण करना होगा कि उपचुनाव में हमारी हार क्यों हुई।" हिसार सीट पर उपचुनाव भजन लाल के निधन के कारण कराना पड़ा था। यहां सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे और उनके सहयोगियों ने कांग्रेस के खिलाफ वोट देने की अपील की थी। इस सीट से विजयी भजन लाल के बेटे बिश्नोई ने कहा है कि उनकी जीत से अन्ना का कुछ भी लेना-देना नहीं है। बिश्नोई ने संवाददाताओं से कहा, "मैं इसका श्रेय अपने पिता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ हुए गठबंधन को दूंगा।" कांग्रेस भी इस बात को खारिज कर रही है कि हिसार उपचुनाव में अन्ना का कोई प्रभाव रहा है। हार का सामना करने वाले कांग्रेस उम्मीदवार जयप्रकाश ने कहा है कि चुनाव परिणाम का अन्ना की अपील से कुछ भी लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा, "जाति का मुद्दा मेरे लिए नुकसानदायक रहा।" कांग्रेस महासचिव बीके हरिप्रसाद ने कहा कि जयप्रकाश की जमानत इसलिए जब्त हुई, क्योंकि कुलदीप के प्रति उनके पिता भजन लाल के निधन कारण लोगों में सहानुभूति थी, और भजन लाल ने विकास कार्य भी किए थे। हरिप्रसाद ने कहा, "अन्ना पक्ष झूठा श्रेय ले रहा है।" दूसरी ओर अन्ना के प्रमुख सहयोगी अरविंद केजरीवाल ने कहा, "कांग्रेस से हमारी कोई दुश्मनी नहीं है।" सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर ने हालांकि कहा कि अन्ना की अपील का असर हुआ है और उन्होंने अपनी बात को सत्यापित करने के लिए जयप्रकाश के खराब वोट प्रतिशत का हवाला दिया। कांग्रेस हिसार में भले ही सहानुभूति की दुहाई दे रही है, लेकिन वह सहानुभूति महाराष्ट्र के खड़कवासला में उसके पक्ष में नहीं दिखाई दी। कांग्रेस-राकांपा ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के विधायक रमेश वांजाले की विधवा हर्षदा वांजाले को इसी सोच के साथ टिकट दिया था, लेकिन राकांपा उम्मीदवार वांजाले भाजपा के भीमराव तपकिर से हार गईं। विधायक रमेश वांजाले का तीन महीने पूर्व निधन हो गया था। जिसके कारण इस सीट पर उपचुनाव की जरूरत पड़ी थी। आंध्र प्रदेश के बांसवाड़ा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने सोमवार को 50,000 मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज की। टीआरएस ने यह सीट तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) से छीनी है। तेदेपा ने 2009 के चुनाव में इस सीट पर जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार तेलंगाना के पक्ष में उमड़ी भावनाओं को देखते हुए उसने उपचुनाव में हिस्सा नहीं लिया। टीआरएस उम्मीदवार पी. श्रीनिवास रेड्डी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी के एस. श्रीनिवास गौड़ के खिलाफ 49,989 मतों से जीत हासिल की। पी. श्रीनिवास रेड्डी 2009 में तेदेपा के टिकट पर इस सीट से विजयी हुए थे। बिहार में सीवान जिले की दरौंदा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सतारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रत्याशी कविता सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार परमेश्वर सिंह को 20,000 से ज्यादा मतों से हरा दिया। राजग ने इस सीट पर कब्जा बरकरार रखा है। जहां कांग्रेस के पराजय की गिनती शुरू हो गई है, वहीं भाजपा ने इसे लोकतंत्र की जीत बताया है। भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी ने संवाददाताओं से कहा कि यह लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने कहा, "उपचुनाव के परिणाम से स्पष्ट होता है कि देश की जनता ने भ्रष्टाचार और कांग्रेस के खिलाफ वोट दिया है।" जोशी ने कहा, "यह लोकतंत्र की जीत है.. इससे इस बात का भी संकेत मिलता है कि देश में राजनीतिक हवा का रुख क्या है।"


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com