बीजेपी ने किया साफ, अरुण शौरी पार्टी के सदस्य नहीं

बीजेपी ने किया साफ, अरुण शौरी पार्टी के सदस्य नहीं

केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

नरेंद्र मोदी सरकार पर सोमवार को तीखा हमला बोलने वाले अरुण शौरी की आलोचनाओं को खारिज करते हुए भाजपा ने मंगलवार को कहा कि वह अब पार्टी के सदस्य नहीं हैं।

भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि शौरी ने हाल ही में पार्टी के सदस्यता अभियान के दौरान अपनी सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया था, जिसके बाद यह समाप्त हो गई। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों को हर छह साल में अपनी सदस्यता का नवीनीकरण कराना होता है और शौरी ने इस बार यह नहीं कराया।

केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू का बयान
सिंह ने कहा, ‘अरुण शौरी अब भाजपा के सदस्य नहीं हैं। उन्होंने अपनी सदस्यता नहीं बढ़ाई।’ भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने सरकार पर शौरी के हमले को खारिज करते हुए कहा, ‘‘उनके विचारों को ना तो पार्टी ने साझा किया है और ना ही जनता ने।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं इससे सहमत नहीं हूं। यह ना तो पार्टी की राय है और ना ही जनता की।’’

लोकसभा चुनाव में मोदी समर्थक रहे शौरी
पिछले साल लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान मोदी के कट्टर समर्थक रहे शौरी ने कल कहा कि केंद्र सरकार को लगता है कि अर्थव्यवस्था को संभालने का मतलब ‘सुखिर्यों का प्रबंधन’ करना होता है और लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के दिनों को याद करना शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार की नीतियों का स्वरूप कुछ इस तरह का है- जिसमें कांग्रेस के तरीके के साथ गाय और शामिल हो गई है।’’ इस तरह के आरोपों को खारिज करते हुए नायडू ने कहा कि इस सरकार के दौरान ‘कोई घोटाला, कोई स्कैंडल और यहां तक कोई भी गलती’ नहीं हुई है और भाजपा पूरे देश में चुनाव जीत रही है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

नायडू ने कहा, ‘‘हम लोकतांत्रिक देश हैं। उनकी अपनी राय है, लेकिन देश की राय अलग है।’’ उन्होंने कहा कि देश के सभी हिस्सों में जनता प्रधानमंत्री का समर्थन कर रही है।