यह ख़बर 08 सितंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

स्टिंग के बाद भाजपा ने अपने नेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया

नई दिल्ली:

आम आदमी पार्टी (आप) के स्टिंग ऑपरेशन के बाद भाजपा ने आज अपने दिल्ली इकाई के उपाध्यक्ष शेर सिंह डागर को कारण बताओ नोटिस जारी किया। स्टिंग में डागर आप विधायक दिनेश मोहनिया को पाला बदलने के लिए कथित तौर पर पैसे की पेशकश करते दिख रहे हैं।

भाजपा ने डागर को अपने ऊपर लगे आरोप का जवाब देने के लिए तीन दिन का समय दिया है। आरोप है कि उन्होंने संगम विहार से आप के विधायक मोहनिया को चार करोड़ रूपये की पेशकश की।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने संवाददाताओं से कहा, 'हमने आप की ओर से लगाए गए आरोपों पर डागर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने मीडिया में अपना रुख साफ किया है। बहरहाल, भाजपा उनका जवाब मिलने के बाद ही कोई अंतिम निर्णय लेगी।'

उपाध्याय ने कहा कि पार्टी ने किसी को भी किसी चीज के लिए अधिकृत नहीं किया है। उन्होंने कहा, 'हमारा रुख स्पष्ट है। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि भाजपा ने किसी व्यक्ति को किसी चीज के लिए अधिकृत नहीं किया है।'

आप के आरोपों पर उपाध्याय ने कहा, 'मैं किसी प्रायोजित चीज का जवाब नहीं दूंगा। पार्टी को ऐसी आरोपों की परवाह नहीं है। वे कुछ भी कह सकते हैं।'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उधर, भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने आप पर हमला करते हुए कहा कि 'हिट एंड रन पार्टी' ने राजनीति में प्रासंगिक बने रहने के लिए एक और प्रयास किया है।