विज्ञापन
This Article is From Aug 20, 2020

'रिया चक्रवर्ती की औकात' वाले बयान पर आलोचनाओं से घिरे बिहार DGP तो दी सफाई

बिहार डीजीपी गुप्तेशवर पांडेय ने कहा था कि 'रिया चक्रवर्ती की औकात नहीं है कि वो बिहार के सीएम के बारे में कुछ बोलें.' सोशल मीडिया पर उनके इस बयान की काफी आलोचना हुई है.

'रिया चक्रवर्ती की औकात' वाले बयान पर आलोचनाओं से घिरे बिहार DGP तो दी सफाई
रिया चक्रवर्ती पर अपने एक बयान के चलते घिरे बिहार डीजीपी. (फाइल फोटो)
पटना:

सुशांत सिंह राजपूत केस में बुधवार को सुप्रीम कोर्ट की ओर से सीबीआई जांच को मंजूरी दिए जाने के बाद बिहार पुलिस प्रमुख गुप्तेश्वर पांडेय ने एक बयान दिया था, जिसके बाद उनकी खूब आलोचना हुई है. इसके बाद गुरुवार को उन्होंने अपने बयान पर सफाई दी है. बिहार डीजीपी गुप्तेशवर पांडेय ने कहा था कि 'रिया चक्रवर्ती की औकात नहीं है कि वो बिहार के सीएम के बारे में कुछ बोलें.' सोशल मीडिया पर उनके इस बयान की काफी आलोचना हुई है, जिसके बाद उन्होंने कहा कि उनका मतलब रिया के मामले में आरोपी होने से था, इस लिहाज से वो बिहार सीएम को कुछ नहीं कह सकतीं.

उन्होंने कहा, 'औकात का अंग्रेजी में अर्थ होता है- stature. रिया चक्रवर्ती की इतनी हैसियत नहीं है कि वो बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कुछ कहें. उन्हें नहीं भूलना चाहिए कि वो सुशांत राजपूत केस में दर्ज एफआईआर में मुख्य आरोपी हैं. यह केस पहले मेरे अंडर में था अब सीबीआई के पास है.'

उन्होंने कहा, 'अगर कोई नेता बिहार सीएम पर कमेंट करता है तो मैं उसपर बयान देने वाला कोई नहीं होता हूं. लेकिन अगर कोई आरोपी बिहार सीएम पर आधारहीन बयान देता है तो यह आपत्तिजनक है. उन्हें अपनी लड़ाई कानूनी तौर पर लड़ना चाहिए.'

बता दें कि बुधवार को सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने कहा था कि 'अब जो सच होगा वह बाहर आ जाएगा.' उन्होंने कहा 'बिहार पुलिस की जांच से बहुत लोगों को डर था, उनकी छटपटाहट का कारण था कि कहीं उनकी पोल न खुल जाए.' पांडे ने इसी दौरान कहा था कि 'रिया चक्रवर्ती की इतनी औकात नहीं है कि वह बिहार के मुख्यमंत्री पर कमेंट करें.'

उन्होंने इस दौरान सीएम नीतीश कुमार की भी खूब तारीफ की थी. उन्होंने कहा था, 'बिहार के मुख्यमंत्री की बदौलत ही आज यह केस सीबीआई तक पहुंच पाया है. बिहार पुलिस जो कर रही थी वह संवैधानिक तरीके से कर रही थी. बिहार के मुख्यमंत्री की बदौलत ही आज सुशांत का मामला न्याय के और करीब आकर खड़ा है.'

Video: रिया चक्रवर्ती की इतनी औकात नहीं कि वो CM पर कमेंट करें : बिहार DGP

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sushant Singh Rajput Death Case, Bihar DGP Gupteshwar Pandey, Rhea Chakraborty
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com