यह ख़बर 30 मार्च, 2013 को प्रकाशित हुई थी

अन्ना रविवार से शुरू करेंगे देशव्यापी यात्रा

खास बातें

  • मजबूत लोकपाल विधेयक, चुनाव सुधार की मांग और अन्य मुद्दों पर जोर देने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे रविवार से राष्ट्रव्यापी यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। उनकी यह यात्रा एक वर्ष तक चलेगी।
मुंबई:

मजबूत लोकपाल विधेयक, चुनाव सुधार की मांग और अन्य मुद्दों पर जोर देने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे रविवार से राष्ट्रव्यापी यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। उनकी यह यात्रा एक वर्ष तक चलेगी।

उनकी यात्रा का पहला चरण पंजाब के अमृतसर से शुरू होगा। इसके बाद वे हरियाणा और उत्तराखंड पहुंचेंगे। तीनों राज्यों में हजारे कई शहरों और कस्बों में सभा को संबोधित करेंगे। यात्रा का पहला चरण हरिद्वार में 17 अप्रैल को पूरा होगा।

भ्रष्टाचार के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी में वर्ष 2011 के अप्रैल महीने में आमरण अनशन करने के दो साल बाद 75 वर्षीय अन्ना ताजा अभियान छेड़ने निकल रहे हैं।

तीन राज्यों की यात्रा पूरी करने के थोड़े से अंतराल के बाद वे अपनी यात्रा के दूसरे दौर की शुरुआत करेंगे। दूसरे चरण में वे राजस्थान, मध्य प्रदेश और झारखंड की यात्रा करेंगे। दूसरे चरण की यात्रा की तारीखें तय की जानी हैं।

अपनी यात्रा के दौरान हजारे बुनियादी स्तर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए व्यक्तियों, सामाजिक समूहों और एनजीओ का राष्ट्रव्यापी संगठन बनाने पर भी काम करेंगे।

अन्ना की यात्रा जनवरी में ही शुरू होनी थी, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी परेशानी, आंख का आपरेशन और पूर्व निर्धारित व्यस्तताओं के कारण स्थगित कर दी गई।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के अपने गांव रालेगण सिद्धि में अन्ना ने अक्टूबर महीने में विशेषज्ञों और परामर्श देने वालों की बैठक की थी जिसमें यात्रा की रूपरेखा तय की गई थी।