यह ख़बर 09 सितंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

झारखंड का विरोध करने वालों के साथ हेमंत ने सरकार क्यों बनाई : अमित शाह

अमित शाह की फाइल तस्वीर

रांची:

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि आखिर झारखंड के गठन का विरोध करने वाले दलों के साथ ही मिलकर उन्होंने राज्य में गठबंधन सरकार का गठन क्यों किया।

शाह ने धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सवाल किया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन ने झारखंड राज्य के गठन का विरोध करने वाले दलों के साथ ही गठबंधन करके राज्य में अपनी सरकार का गठन क्यों किया।

उन्होंने झारखंड सरकार में शामिल लालू प्रसाद के राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस की ओर इशारा करते हुए सोरेन पर सवालिया निशाना लगाया और पूछा कि जब उनके पिता झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन झारखंड राज्य के गठन को लेकर संघर्ष कर रहे थे तो राजद और कांग्रेस का क्या रुख था?

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में झारखंड को गुजरात और महाराष्ट्र से भी आगे ले जाने का माद्दा है, लिहाजा राज्य की जनता को इस बार पूर्ण बहुमत के साथ राज्य की बागडोर भाजपा के हाथों में सौंपनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सौ दिनों के शासन में ही देश के विकास के लिए जो तमाम कदम उठाए हैं उनसे साबित होता है कि यह सरकार देश को दुनिया में सबसे आगे ले जाने के लिए संकल्पबद्ध है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उन्होंने कहा कि हुर्रियत के अलगाववादी नेताओं से बातचीत कर रहे पाकिस्तान से द्विपक्षीय बातचीत रद्द कर मोदी सरकार ने दुनिया को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि विदेश नीति के मामले में यह सरकार दुनिया में किसी के सामने झुकने वाली नहीं है।