विज्ञापन
This Article is From Apr 29, 2017

अन्‍ना हजारे के खिलाफ ट्वीट मनीष सिसोदिया के अकांउट से रिट्वीट, AAP नेता ने दी सफाई

अन्‍ना हजारे के खिलाफ ट्वीट मनीष सिसोदिया के अकांउट से रिट्वीट, AAP नेता ने दी सफाई
मनीष सिसोदिया ने कहा कि उनके ट्विटर अकाउंट को किसी ने हैक कर लिया है.(फाइल फोटो)
  • अन्‍ना हजारे के खिलाफ किए गए ट्वीट
  • सिसोदिया के अकाउंट से उन्‍हें किया गया रिट्वीट
  • आप नेता ने कहा कि उनके अकाउंट को किया गया हैक
नई दिल्ली: दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को दावा किया कि उनके ट्विटर अकाउंट को हैक कर लिया गया है और 'कोई' इस अकाउंट से वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के खिलाफ पोस्ट साझा कर रहा है. यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया कि क्या सिसोदिया ने माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट पर अपने अकाउंट पर फिर से पूरी तरह से अपना नियंत्रण कर लिया है? उन्होंने ट्वीट किया, ''मेरा अकाउंट हैक कर लिया गया है. कोई अकाउंट से अन्ना हजारे के खिलाफ संदेशों को रिट्वीट कर रहा है. उन्हें डिलीट करने की कोशिश कर रहा हूं लेकिन डिलीट नहीं कर पा रहा हूं.''

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ''कृपया उन पर यकीन नहीं कीजिए. मैं अन्ना जी का बहुत सम्मान करता हूं. कभी भी उनके खिलाफ ऐसी चीज़ें नहीं कह सकता हूं. कृपया उन पर यकीन नहीं करें.'' सिसोदिया ने इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन में अहम भूमिका निभाई थी जिसकी अगुआई अन्‍ना हजारे और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने की थी.

उल्‍लेखनीय है कि वर्ष 2012 के अंत में केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी बनाई थी. हजारे के तब से आप प्रमुख के साथ मतभेद हैं और वे अक्सर उनकी आलोचना करते हैं. हजारे ने हाल के चुनावों में आप की हार की वजह केजरीवाल की 'सत्ता की लालसा' को बताया था. उन्होंने शुंगलू समिति की रिपोर्ट आने के बाद कहा था कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने उनकी उम्मीदों को चकनाचूर कर दिया है. समिति की रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि दिल्ली सरकार ने सत्ता का दुरुपयोग किया है.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Manish Sisodia AAP, Anna Hazare AAP Criticism, Anna Hazare
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com