
Quick Take
Summary is AI generated, newsroom reviewed.
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अब्दुल हकीम हत्याकांड में पुलिस ने बुधवार को एक और गिरफ्तारी की। दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुलाब सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि हकीम की हत्या में शामिल होने के आरोप में फरार चल रहे गुल्लू नाम के एक आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार किया गया। मुख्य आरोपी सलमान और एक अन्य आरोपी मलिक फिलहाल फरार हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही उन दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस सरवर और आसिफ नाम के दो आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में कुल पांच लोग नामजद हैं।
पुलिस ने बुधवार को महिवश के चचेरे भाई असलम को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस को हत्याकांड में असलम के भी शामिल होने का संदेह है।
इससे पहले पुलिस ने मंगलवार को दावा किया था कि बुलंदशहर में गत 22 नवंबर को हुई अब्दुल हकीम की हत्या का मामला ऑनर किलिंग का नहीं, बल्कि आपसी विवाद से जुड़ा है। लेकिन हकीम की पत्नी महिवश सम्मान के नाम पर पति की हत्या किए जाने का आरोप लगा रही है।
उसका कहना है कि दोनों ने खाप पंचायत के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह किया था, इसलिए हकीम को मारा गया। महिवश के अनुसार, गांव की पंचायत ने अब उसे और उसकी डेढ़ साल की बेटी को भी मारने की घोषणा की है।
बुलंदशहर के उड़ौली गांव निवासी हकीम और महिवश ने दो साल पहले खाप पंचायत की मर्जी के खिलाफ अदालत में विवाह कर लिया था। वह गांव छोड़कर दिल्ली में रहते थे। हकीम और महिवश की एक बेटी भी है।
दोनों अभिनेता आमिर खान के चर्चित टेलीविजन शो 'सत्यमेय जयते' में प्रेम विवाह और खाप पंचायत से सम्बंधित विषय पर आधारित एपिसोड में भी नजर आए थे। करीब तीन महीने पहले हकीम-महिवश वापस आकर गांव रहने लगे थे।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं