यह ख़बर 27 जुलाई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

स्कूल की छत गिरने से छह बच्चों की मौत

खास बातें

  • उत्तर प्रदेश के बिजनौर में शुक्रवार को एक सरकारी सहायता प्राप्त जूनियर हाई स्कूल की छत गिरने से छह बच्चों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। पुलिस ने स्कूल के प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में शुक्रवार को एक सरकारी सहायता प्राप्त जूनियर हाई स्कूल की छत गिरने से छह बच्चों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। पुलिस ने स्कूल के प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की है।

हादसा चांदपुर थाना क्षेत्र के जलीलपुर गांव स्थित जूनियर हाई स्कूल का है, जहां शुक्रवार दोपहर पांचवीं कक्षा के कमरे की छत ढहने से वहां पढ़ाई कर रहे बच्चे उसकी चपेट में आ गए।

चांदपुर थाना प्रभारी एसपी राय ने बताया कि मलबे से 13 बच्चों को निकाला गया, जिसमें में छह की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। जबकि सात अन्य बच्चों का गम्भीर हालत में जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

राय ने कहा कि जिस कमरे में बच्चे पढ़ रहे थे, उसके ऊपर चार-पांच दिन पहले एक कमरे का निर्माण हुआ था। उसी नए कमरे की छत गिरने से नीचे के कमरे की छत भी ढह गई, जिसमें बच्चे पढ़ रहे थे।

परिजनों ने आरोप लगाया कि निर्माण में घटयिा सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण छत गिरी। उधर, घटना के बाद स्कूल के प्रबंधक और प्रधानाचार्य मौके से फरार हो गए।

राय ने कहा कि दोनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उधर, मुख्यमंत्री अखिलेश ने इस दुर्घटना में घायल बच्चों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए अधिकारियों को घायल बच्चों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।