विज्ञापन
This Article is From Feb 16, 2020

चीन के वुहान से लौटे 406 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं होने की पुष्टि हुई

दो फरवरी को चीन के वुहान से कुल 650 लोगों को भारत लाया गया था, इनमें से 406 लोगों की आईटीबीपी के पृथक केंद्र में देखभाल की जा रही

चीन के वुहान से लौटे 406 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं होने की पुष्टि हुई
प्रतीकात्मक फोटो.
नई दिल्ली:

चीन के वुहान से लाए गए एवं आईटीबीपी के एक पृथक केंद्र में रखे गए सभी 406 लोगों की अंतिम जांच में उनके कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं होने की पुष्टि हुई है. उन्हें चरणबद्ध तरीके से सोमवार सुबह से छुट्टी दी जाएगी. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. कोरोना वायरस के प्रकोप के बाद एयर इंडिया के दो 747 बोइंग विमानों के जरिए एक और दो फरवरी को चीन के वुहान से कुल 650 लोगों को भारत लाया गया था. इनमें से 406 लोगों की यहां आईटीबीपी के पृथक केंद्र में देखभाल की जा रही है, जबकि शेष को हरियाणा के मानेसर में सेना के एक केंद्र में रखा गया है.

चिकित्सकों की एक टीम ने शुक्रवार को यहां भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के पृथक केंद्र में रखे गए लोगों के अंतिम नमूने लिए थे. आईटीबीपी के एक प्रवक्ता ने रविवार को कहा कि सभी लोगों के नमूनों की जांच के बाद इस बात की पुष्टि हुई कि इनमें से कोई भी व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं है. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा उचित चिकित्सा प्रक्रियाओं और प्रोटोकॉल के साथ जारी किए गए परामर्श के आधार पर सभी 406 व्यक्तियों को सोमवार से चरणबद्ध तरीके से छुट्टी दी जाएगी. इस समूह में मालदीव के सात नागरिकों के साथ ही एक शिशु समेत सात बच्चे भी शामिल हैं.

चीनी अधिकारियों के अनुसार चीन में कोरोना वायरस से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,665 तक पहुंच गई है, जबकि 68,500 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. इस वायरस से सबसे ज्यादा हुबेई प्रांत प्रभावित हुआ है. भारत में अब तक कोरोना वायरस के संक्रमण के तीन मामलों की पुष्टि हुई है. तीनों मामले केरल के हैं. केरल में तीनों में से एक संक्रमित मरीज को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. चीन, हांगकांग, थाईलैंड, सिंगापुर, जापान और दक्षिण कोरिया से भारत आने वाले यात्रियों को भारत में 21 हवाईअड्डों पर जांच प्रक्रिया सेगुजरना पड़ रहा है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Corona Virus, Wuhan China, ITBP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com