विज्ञापन

क्या आपका दिमाग भी उम्र से पहले बूढ़ा हो रहा है? इस जरूरी विटामिन की हो सकती है कमी- स्टडी

विटामिन सी स्किन, इम्यूनिटी और बीमारियों से बचाने में मददगार है. लेकिन नई स्टडी में चौंकाने वाली बात सामने आई है. इस आर्टिकल में जानें दिमाग को जवान बनाने में कैसे मदद करता है विटामिन सी.

क्या आपका दिमाग भी उम्र से पहले बूढ़ा हो रहा है? इस जरूरी विटामिन की हो सकती है कमी- स्टडी
बढ़ती उम्र में भी दिमाग को जवान रखेगा विटामिन C. (Image Unsplash)

जब भी विटामिन सी (Vitamin C) का नाम आता है, हमारे दिमाग में सबसे पहले स्किन, मजबूत इम्यूनिटी और शरीर में आयरन का ऑब्जर्व जैसी बातें आती हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही विटामिन सी आपके दिमाग को भी बूढ़ा होने से बचा सकता है? जी हां, हाल ही में हुई एक नई जापानी रिसर्च में यह बात सामने आई है कि आपके खून में विटामिन सी का लेवल जितना अच्छा होगा, आपका दिमाग उतनी ही लंबी उम्र तक जवान और तेज बना रहेगा.

​जापान की हिरोसाकी यूनिवर्सिटी (Hirosaki University) के वैज्ञानिकों ने एक बेहद दिलचस्प स्टडी की है. यह स्टडी मशहूर मेडिकल जर्नल 'PLOS One' में छपी है. इस रिसर्च में साफ-साफ देखा गया कि जिन लोगों के खून में विटामिन सी की कमी होती है, उनका दिमाग तेजी से बूढ़ा होने लगता है और उसमें कमजोरी के लक्षण दिखने लगते हैं.

​क्यों खास है यह नई रिसर्च?

​बढ़ती उम्र के साथ हमारे शरीर में कई बदलाव आते हैं, और हमारा दिमाग भी इससे अछूता नहीं है. उम्र बढ़ने पर दिमाग का कुछ हिस्सा सिकुड़ने लगता है, जिसे मेडिकल भाषा में 'एट्रोफी' (Atrophy) कहते हैं. इसके अलावा, दिमाग के अलग-अलग हिस्सों का आपस में तालमेल भी धीमा या कमजोर पड़ जाता है.

Latest and Breaking News on NDTV

विटामिन सी दिमाग के लिए कितना जरूरी? (Image NDTV) 

​इससे पहले जितनी भी रिसर्च हुई थीं, उनमें सिर्फ इस बात पर ध्यान दिया गया था कि लोग खाने में कितना विटामिन सी ले रहे हैं. लेकिन इस नई स्टडी में वैज्ञानिकों ने लोगों के खून की जांच करके विटामिन सी के असली लेवल को मापा. इसके साथ ही, 64 साल से ज्यादा उम्र के 2,044 बुजुर्गों के दिमाग का हाई-रिज़ॉल्यूशन MRI (एमआरआई) स्कैन भी किया गया.

​वैज्ञानिक यह देखना चाहते थे कि क्या खून में विटामिन सी की अच्छी मात्रा होने से दिमाग सच में बड़ा, हेल्दी और मजबूत रहता है? इस जांच में उम्र, जेंडर, पुरानी बीमारियां (जैसे हाई ब्लड प्रेशर या डायबिटीज) और लाइफस्टाइल (जैसे स्मोकिंग और एक्सरसाइज) जैसी तमाम बातों को भी ध्यान में रखा गया था.

​रिसर्च से सामने आईं 4 बातें-

  1. रिसर्च में देखा गया कि जिन लोगों के खून में विटामिन सी ज्यादा था, उनके दिमाग में 'ग्रे मैटर' (Grey Matter) का हिस्सा भी ज्यादा था. ग्रे मैटर दिमाग का वह जरूरी हिस्सा है जो जानकारी को प्रोसेस करने, याददाश्त (Memory) को संभालने और सही फैसले लेने में मदद करता है. इसके उलट, विटामिन सी की कमी वाले लोगों में ग्रे मैटर कम पाया गया.
  2. हमारे दिमाग में एक बेहद खास सिस्टम होता है जिसे 'डिफ़ॉल्ट मोड नेटवर्क' (DMN) कहते हैं. यह नेटवर्क तब सबसे ज्यादा काम करता है जब हम आराम कर रहे होते हैं, सपने देख रहे होते हैं या पुरानी यादों को ताजा कर रहे होते हैं. अल्जाइमर जैसी बीमारियों में सबसे पहले यही नेटवर्क टूटता है. एमआरआई स्कैन से पता चला कि जिन लोगों में विटामिन सी का लेवल अच्छा था, उनका यह नेटवर्क बहुत मजबूत और सही तरीके से जुड़ा हुआ था.
  3. सबसे मजेदार बात यह रही कि अगर किसी व्यक्ति को हाई ब्लड प्रेशर या डायबिटीज जैसी बीमारी थी, या कोई स्मोकिंग करता था और एक्सरसाइज नहीं भी करता था, तब भी उनके खून में विटामिन सी का अच्छा लेवल उनके दिमाग को सुरक्षा दे रहा था. यानी यह विटामिन हर हाल में दिमाग को फायदा पहुंचाता है.
  4. वैज्ञानिकों का कहना है कि दिमाग पर विटामिन सी का असर भले ही छोटा दिखता हो, लेकिन यह उतना ही असरदार है जितना नुकसान हाई ब्लड प्रेशर या हाई ब्लड शुगर हमारे दिमाग को पहुंचाते हैं. यानी यह उन नुकसानों को रोकने में ढाल की तरह काम करता है.

​​इस रिसर्च से यह साफ हो गया है कि हमारी रोज की खान-पान की आदतें हमारे दिमाग के लिए कितनी जरूरी हैं. हालांकि, दिमाग के बूढ़े होने में हाई ब्लड प्रेशर, एक्सरसाइज न करना, स्मोकिंग, खराब नींद और पूरी डाइट का भी बड़ा हाथ होता है. लेकिन अपनी डाइट में विटामिन सी को सही मात्रा में बनाए रखना एक बेहद आसान और असरदार तरीका है जिससे आप बुढ़ापे में भी अपने दिमाग को सिकुड़ने से बचा सकते हैं.

ये भी पढ़ें- कौन सी आदतें बनाती हैं समय से पहले बूढ़ा? तेजी से बढ़ती है एजिंग की समस्या

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vitamin C And Health, Vitamin C Ke Fayde, Vitamin C Benefits
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com