क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि रात को पूरी नींद लेने के बाद भी जब आप सुबह उठते हैं, तो शरीर थका-थका सा रहता है? बिस्तर से उठने का मन नहीं करता और ऐसा लगता है कि शरीर में बिलकुल जान ही नहीं है. अगर आपका जवाब हां है तो आप अकेले नहीं हैं. आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में यह परेशानी बहुत आम हो चुकी है. लोग दिनभर की थकान मिटाने के लिए कई कप चाय या कॉफी का सहारा लेते हैं, लेकिन इसका असर कुछ ही देर रहता है.
दरअसल दिनभर एक्टिव रहने का राज इस बात में छिपा है कि आप अपने सुबह के पहले एक घंटे को कैसे बिताते हैं. अगर आप सुबह की शुरुआत सही आदतों के साथ करेंगे, तो बिना किसी कैफीन के भी दिनभर एनर्जेटिक महसूस करेंगे. आइए जानते हैं एक्सपर्ट्स के बताए 3 बेहद आसान मॉर्निंग हैक्स.
दिनभर एनर्जेटिक रहने के लिए अपनाएं ये 3 मॉर्निंग हैक्स-
1. एक गिलास पानी-
जब हम 7 से 8 घंटे की नींद लेते हैं, तो उस दौरान हमारा शरीर पानी नहीं पीता. इस वजह से सुबह उठने पर शरीर में हल्की सी पानी की कमी (Dehydration) हो जाती है. पानी की कमी का सबसे पहला लक्षण है थकान और सिरभारी होना. इसलिए सुबह आंख खुलते ही, चाय या कॉफी की तरफ हाथ बढ़ाने से पहले, एक बड़ा गिलास सादा या हल्का गुनगुना पानी पिएं. यह आपके स्लो पड़े मेटाबॉलिज्म को तुरंत जगाता है और दिमाग को अलर्ट सिग्नल भेजता है.

अपने दिन की शुरूआत हमेशा एक गिलास गुनगुने पानी के साथ करें. (Image NDTV)
2. सुबह की धूप-
सुबह की प्राकृतिक रोशनी यानी धूप हमारी आंखों के रास्ते दिमाग तक पहुंचती है. इससे शरीर में मेलाटोनिन नाम के हार्मोन का बनना बंद हो जाता है, जो हमें नींद लाने के लिए जिम्मेदार होता है. सुबह की धूप लेने से शरीर का नेचुरल क्लॉक (Circadian Rhythm) सही तरीके से काम करने लगता है, जिससे सुस्ती तुरंत गायब हो जाती है.
3. वर्कआउट-
सुबह उठकर भारी-भरकम वर्कआउट करने की जरूरत नहीं है. बिस्तर छोड़ने के बाद बस 5 से 10 मिनट के लिए हल्की स्ट्रेचिंग करें, योगासन करें या फिर घर में ही थोड़ा टहल लें. जब आप शरीर को हिलाते-डुलाते हैं, तो ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है. इससे आपके मसल्स और दिमाग तक ऑक्सीजन सही मात्रा में पहुंचती है, जिससे आप तुरंत फ्रेश और एक्टिव महसूस करने लगते हैं.
क्या कहती है रिसर्च?
University of California, Berkeley Study की इस रिसर्च के अनुसार, सुबह उठकर फुर्तीला महसूस करना पूरी तरह से हमारी सुबह की आदतों, जैसे सही नाश्ता और फिजिकल एक्टिविटी पर निर्भर करता है, न कि हमारे जेनेटिक्स पर.
ये भी पढ़ें- क्या कुकिंग करने से कम होता है डिमेंशिया का खतरा, रिसर्च में हुआ खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं