आज के समय में हर दूसरे आदमी में पेट और कब्ज की शिकायत देखने को मिलती है. सुबह पेट साफ नहीं होता, पेट में भारीपन रहता है, गैस बनती है, सिर भारी रहता है और मन भी चिड़चिड़ा रहता है. कई लोग इस परेशानी के लिए रोज चूर्ण, गोली और कब्ज की दवाई खा लेते हैं. शुरू में तो आराम मिलता है, लेकिन धीरे-धीरे आंतें कमजोर हो जाती हैं और बिना दवाई के पेट साफ होना ही बंद हो जाता है. अगर आपके साथ भी कुछ ऐसा ही है, तो दवाई की जगह आप एक बार इन घरेलू नुस्खे को ट्राई कर सकते हैं.
सुबह पेट साफ क्यों नहीं होता?
सबसे पहले वजह समझिए कि सुबह पेट साप क्यों नहीं होता है-
- देर रात तक खाना
- मैदे की चीजें ज्यादा खाना
- पानी कम पीना
- देर तक बैठकर काम करना
पेट साफ करने के लिए सुबह उठते ही क्या करें-
सुबह उठते ही सबसे पहला काम ये करें, 1 गिलास गुनगुना पानी पिएं. ब्रश करने से पहले पानी पीना सबसे अच्छा माना जाता है. गुनगुना पानी आंतों में जमी गंदगी को नरम करता है और पेट को साफ करने का सिग्नल देता है.

रात को सोने से पहले करें ये 3 काम-
- पहला- रात का खाना 8 बजे से पहले खा लें और हल्का खाएं. खिचड़ी, दलिया या रोटी-सब्जी सबसे अच्छी है.
- दूसरा- खाने के बाद 1 चम्मच त्रिफला चूर्ण गुनगुने पानी के साथ लें. त्रिफला पेट को धीरे-धीरे साफ करता है और इसकी आदत भी नहीं लगती.
- तीसरा- सोने से पहले 1 गिलास गुनगुने दूध में 4-5 मुनक्का उबालकर पिएं.
पेट साफ करने वाले 3 देसी नुस्खे-
1. अजवाइन और सौंफ- रात को 1 चम्मच अजवाइन और 1 चम्मच सौंफ को भूनकर रख लें. सुबह खाली पेट इसे चबाकर गुनगुना पानी पी लें. गैस और कब्ज दोनों दूर हो जाएगी.
2. पपीता और अमरूद- रोज सुबह खाली पेट 1 कटोरी पका हुआ पपीता खाएं. पपीते में एक ऐसा तत्व होता है, जो आंतों को साफ करता है.
3. अलसी और इसबगोल- रात को 1 चम्मच अलसी को भिगो दें और सुबह उसे चबाकर खा लें. अगर कब्ज बहुत पुरानी है, तो रात को 1 चम्मच इसबगोल की भूसी गुनगुने पानी या दूध के साथ लें.
ये भी पढ़ें- सर्दियों की जहरीली हवा से कैसे बचाएं अपने फेफड़े और दिल? आचार्य मनीष ने बताए आसान उपाय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं