विज्ञापन

फलों का जूस या साबुत फल, एक्सपर्ट से जानिए डायबिटीज के मरीजों के लिए क्या है बेस्ट?

साबुत फल और फलों के जूस में पोषक तत्वों के साथ-साथ फाइबर की मात्रा में भी अंतर होता है. यही अंतर ब्लड शुगर को प्रभावित कर सकता है. ऐसे में सेलिब्रिटी डायटीशियन और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट सिमरत कथूरिया से जानिए डायबिटीज के मरीजों के लिए फलों का जूस या साबुत फल क्या बेहतर है?

फलों का जूस या साबुत फल, एक्सपर्ट से जानिए डायबिटीज के मरीजों के लिए क्या है बेस्ट?
डायबिटीज में कौन से फल खा सकते हैं?
file photo

आज के समय में शुगर की समस्या बहुत ही ज्यादा लोगों में हो गई है. एक बार किसी को शुगर हो जाए तो उसको खानपान से लेकर अपने लाइफस्टाइल में भी कई बदलाव करने पड़ते हैं. जिन लोगों को शुगर होता है तो उनके मन में कई सवाल आते हैं. खासकर फलों को लेकर लोगों को लगता है कि फल सेहत के लिए अच्छे होते हैं. इसलिए उनका जूस पीना भी उतना ही फायदेमंद होगा. लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है. साबुत फल और फलों के जूस में पोषक तत्वों के साथ-साथ फाइबर की मात्रा में भी अंतर होता है. यही अंतर ब्लड शुगर को प्रभावित कर सकता है. ऐसे में डायबिटीज के मरीजों के लिए यह समझना जरूरी है कि फल और जूस में से किसे अपनी रोजाना की डाइट में शामिल करना बेहतर है. सेलिब्रिटी डायटीशियन और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट सिमरत कथूरिया से जानिए फलों का जूस या साबुत फल, डायबिटीज के मरीजों के लिए क्या बेहतर है?

साबुत फल खाने का क्या फायदा है?

सिमरत कथूरिया के मुताबिक, जब हम कोई फल खाते हैं, तो उसके साथ शरीर को फाइबर, विटामिन और मिनरल्स भी मिलते हैं. फलों में मौजूद फाइबर पाचन की प्रक्रिया को धीमा करता है, जिससे शुगर शरीर में धीरे-धीरे अवशोषित होती है. इससे ब्लड शुगर में अचानक बढ़ोतरी होने की आशंका कम हो सकती है. इसके अलावा, साबुत फल चबाकर खाने पड़ते हैं, जिससे पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है और बार-बार भूख लगने की समस्या भी कम हो सकती है. सेब, अमरूद, संतरा और नाशपाती जैसे फल फाइबर के अच्छे स्रोत हैं. इसलिए डायबिटीज के मरीजों के लिए जूस की जगह साबुत फल खाना बेहतर माना जाता है.

जूस पीने से क्यों बचना चाहिए?

जूस बनाने के दौरान फल का ज्यादातर फाइबर निकल जाता है, जबकि उसमें मौजूद प्राकृतिक शुगर बनी रहती है. ऐसे में जूस पीने से शुगर शरीर में जल्दी अवशोषित हो सकती है और ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है. इसके अलावा, एक गिलास जूस तैयार करने के लिए अक्सर दो से तीन या उससे ज्यादा फलों का इस्तेमाल किया जाता है. इतनी मात्रा में फल खाने के बजाय जूस पीने से व्यक्ति कम समय में ज्यादा शुगर ले सकता है. जूस पीने के बाद पेट भी उतना देर तक भरा हुआ महसूस नहीं होता, जितना साबुत फल खाने से होता है.

डायबिटीज में कौन से फल खा सकते हैं?

डायबिटीज के मरीज सेब, अमरूद, संतरा, नाशपाती, जामुन और पपीता जैसे फल अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं. हालांकि, फल का चुनाव ही नहीं, उसकी मात्रा भी मायने रखती है. किसी भी फल को जरूरत से ज्यादा खाना सही नहीं है. हर व्यक्ति का ब्लड शुगर लेवल और शरीर की जरूरत अलग होती है.

यह भी पढ़ें:- बदलते मौसम में सर्दी-खांसी से कैसे बचें? एक्सपर्ट ने बताए इम्यूनिटी बढ़ाने के आसान तरीके

यह भी पढ़ें:- खाने के बाद पेट में गैस बनती है? एक्सपर्ट से जानिए अपच दूर करने के लिए क्या करें

यह भी पढ़ें:- मोरिंगा के पत्ते कब और कैसे खाएं, पोषण का खजाना है सहजन, एक्सपर्ट से जानिए फायदे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Diabetes, Diabetes Fruits
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com