विज्ञापन

रात में बार-बार पेशाब आना हो सकता है प्रोस्टेट कैंसर का संकेत, डॉक्टर ने बताए 3 बड़े लक्षण

ICMR के अनुसार भारत में प्रोस्टेट कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. यूरोलॉजिस्ट डॉक्टर विक्रम शर्मा ने 3 ऐसे लक्षण बताए हैं जिन्हें पुरुषों को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.

रात में बार-बार पेशाब आना हो सकता है प्रोस्टेट कैंसर का संकेत, डॉक्टर ने बताए 3 बड़े लक्षण
ये 3 बदलाव दिखें तो तुरंत कराएं प्रोस्टेट की जांच
NDTV

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के मुताबिक, प्रोस्टेट कैंसर अब भारतीय पुरुषों में होने वाले 10 सबसे आम कैंसरों में शामिल है दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों में इसके सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन चिंता की बात यह है कि भारत में 60% से ज्यादा मरीजों में इस बीमारी का पता तब चलता है जब कैंसर काफी बढ़ चुका होता है, जबकि कई पश्चिमी देशों में नियमित जांच के कारण बीमारी शुरुआती चरण में ही पकड़ ली जाती है. 

जहां एक तरफ डायबिटीज़, मोटापा और दिल की बीमारियों के बारे में लोग अवेयर हो रहे हैं, वहीं पुरुषों की प्रोस्टेट से जुड़ी सेहत पर आज भी कम चर्चा होती है. 45 साल से ज्यादा उम्र के कई पुरुष पेशाब या यौन स्वास्थ्य में बदलाव को उम्र बढ़ने का सामान्य असर मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन ऐसा करना खतरनाक साबित हो सकता है. 

इसी बात पर ग़ौर करते हुए FMRI के यूरोलॉजी डायरेक्टर और रोबोटिक यूरोलॉजिकल सर्जरी प्रमुख डॉक्टर विक्रम शर्मा ने 3 ऐसे संकेत बताए हैं, जिन्हें नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है. 

चलिए जानते हैं कौन से हैं वो 3 संकेत

रात में बार-बार पेशाब आना

अगर आपको रात में कई बार उठकर पेशाब जाना पड़ता है, तो इसे मेडिकल भाषा में नोक्टूरिया कहा जाता है. कई लोग इसे ज्यादा पानी पीने या बढ़ती उम्र का असर मान लेते हैं, लेकिन यह प्रोस्टेट की समस्या का शुरुआती संकेत भी हो सकता है. प्रोस्टेट ग्रंथि के बढ़ने से पेशाब की नली (यूरेथ्रा) पर दबाव पड़ता है, जिससे ब्लैडर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. समय के साथ ब्लैडर अधिक संवेदनशील हो जाता है और बार-बार पेशाब की जरूरत महसूस होने लगती है. 

पेशाब की धार का कमजोर होना

डॉक्टर शर्मा के अनुसार, कमजोर पेशाब की धार, पेशाब शुरू करने में ज़ोर लगना या बूंद-बूंद पेशाब आना ऐसी समस्याएं हैं जिन्हें लोग अक्सर उम्र बढ़ने का सामान्य हिस्सा समझ लेते हैं, वास्तव में ये संकेत बढ़े हुए प्रोस्टेट के संकेत हो सकते हैं. लंबे समय तक इस समस्या को नजरअंदाज करने से, बार-बार यूरिन इन्फेक्शन हो सकता है, ब्लैडर में पथरी बनने का खतरा बढ़ सकता है, किडनी को नुकसान पहुंच सकता है और ब्लैडर की कार्यक्षमता कमजोर हो सकती है. 

अचानक या धीरे-धीरे इरेक्टाइल डिस्फंक्शन

इरेक्टाइल डिस्फंक्शन का मतलब है कि पुरुषों को इरेक्शन होने या उसे बनाए रखने में दिक्कत होना. कई लोग इसे केवल तनाव, थकान या बढ़ती उम्र का असर मान लेते हैं, लेकिन यह प्रोस्टेट से जुड़ी समस्या का संकेत भी हो सकता है. अगर प्रोस्टेट में सूजन या कोई गांठ हो, तो इसका असर उन नसों और रक्त वाहिकाओं पर पड़ सकता है जो इरेक्शन में मदद करती हैं. इसलिए इस समस्या को नजरअंदाज करने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है. 

समय रहते चेक कराना क्यों जरूरी है?

डॉक्टर विक्रम शर्मा के अनुसार, भारत में प्रोस्टेट कैंसर का इलाज उपलब्ध है, लेकिन कई पुरुष समय पर चेक नहीं कराते, जिससे बीमारी का पता देर से चलता है. 

  • वे सलाह देते हैं कि, 45 साल से अधिक उम्र के पुरुषों को प्रोस्टेट की नियमित जांच के बारे में डॉक्टर से बात करनी चाहिए. 
  • जिन लोगों के परिवार में प्रोस्टेट कैंसर का इतिहास रहा है, उन्हें विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. 
  • PSA ब्लड टेस्ट और DRE जांच प्रोस्टेट की समस्या का शुरुआती चरण में पता लगाने में मदद कर सकते हैं. 

अगर प्रोस्टेट कैंसर का पता शुरुआत में चल जाए, तो इलाज के सफल होने की संभावना काफी  बढ़ जाती है. वहीं, लक्षण बढ़ने का इंतज़ार करने पर बीमारी गंभीर हो सकती है और इलाज भी मुश्किल हो सकता है. इसलिए किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करें और समय पर जांच करवाएं.

डॉक्टर विक्रम शर्मा FMRI, गुरुग्राम में यूरोलॉजी, एंड्रोलॉजी और किडनी ट्रांसप्लांट सर्जरी के डायरेक्टर हैं. वे रोबोटिक यूरोलॉजिकल सर्जरी के प्रमुख भी हैं. 36 साल के अनुभव के साथ वे भारत में यूरोलॉजी के सबसे पुराने और जाने-माने डॉक्टरों में से एक हैं, वे अपने क्षेत्र में नए इलाज और तकनीक लाने के लिए जाने जाते हैं.

इसे भी पढ़ें: न्यूट्रिशनिस्ट ने बताया लंबी उम्र का राज, बस आपको रोज करने होंगे ये 3 काम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Prostate Cancer, Prostate Cancer Symptoms, Frequent Urination, Erectile Dysfunction, Prostate Screening
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com