- हरियाणा के पंचकूला में कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई. यह धमकी ई-मेल के जरिए दी गई.
- धमकी मिलने पर पुलिस ने कोर्ट परिसर को खाली कराकर डॉग स्क्वॉयड और सुरक्षा टीमों के साथ जांच शुरू की.
- पुलिस सुरक्षा के मद्देनजर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान की कोशिश हो रही है.
हरियाणा के पंचकूला में कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद हड़कंप मच गया. यह धमकी एक ई-मेल के जरिए दी गई थी. धमकी मिलने के तुरंत बाद पुलिस को सूचित किया गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने एहतियात बरतते हुए पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराया और मामले की जांच शुरू की. इस दौरान डॉग स्क्वॉयड और अन्य सुरक्षा टीमों ने इलाके की जांच की. हालांकि जांच में किसी तरह की संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है.
सूत्रों के अनुसार, पंचकूला कोर्ट के सेशन जज को एक धमकी भरा ई-मेल मिला था, जिसमें कोर्ट को बम से उड़ाने की बात कही गई थी. जज ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों को दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं.
डॉग स्क्वॉयड और अन्य टीमें रही तैनात
पुलिस ने कोर्ट परिसर को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया. इस दौरान डॉग स्क्वॉयड और अन्य सुरक्षा टीमें भी तैनात की गईं और पूरे इलाके की गहन जांच की गई.
पंचकूला की डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि धमकी भरा मेल मिलने के बाद एहतियातन कोर्ट परिसर की पूरी तरह से जांच की गई है. हालांकि, अब तक जांच में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है.
ईमेल भेजने वाले की पहचाान की कोशिश तेज
डीसीपी के मुताबिक, फिलहाल यह मामला केवल धमकी तक सीमित नजर आ रहा है, लेकिन सुरक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई. मामले की जांच जारी है और मेल भेजने वाले की पहचान की कोशिश की जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं