विज्ञापन

फरीदाबाद में एक मां की दरिंदगी, 18 महीने की बच्ची को नाले में फेंका, CCTV आया सामने

सुराग के आधार पर क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

फरीदाबाद में एक मां की दरिंदगी, 18 महीने की बच्ची को नाले में फेंका, CCTV आया सामने
मां बच्ची को गोद में लेकर जा रही है (बाएं) वापस लौटते समय बच्ची गोद में नहीं है. (बीच वाली तस्वीर) और नाले में बच्ची की लाश मिली. (CCTV फुटेज का स्क्रीनशॉट)

फरीदाबाद से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां डेढ़ साल की मासूम बच्ची की मौत के मामले में बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. इस मामले में जो सच्चाई सामने आई है, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है.  दरअसल, नाले में मिली बच्ची के शव के मामले में जांच के दौरान पता चला है कि 18 महीने की बच्ची को किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी अपनी मां ने ही जिंदा नाले में फेंक दिया था. पानी में डूबने के कारण मासूम की मौत हो गई.

घटना सीसीटीवी में कैद 

घटना से पहले का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें महिला बच्ची को गोद में लेकर जाती हुई दिखाई दे रही है, लेकिन वापस लौटते समय बच्ची उसकी गोद में नहीं होती. इसी आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मह‍िला को ह‍िरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला.

शव लोहे के जाल में फंसा था  

पूरा मामला तीन दिन पहले का है, जब पल्ला थाना क्षेत्र में धीरज नगर और टीटू कॉलोनी पार्ट-2 के बीच बहने वाले नाले में एक मासूम बच्ची का शव बरामद हुआ था. स्थानीय लोगों को ‘बुढ़िया नाला' कहे जाने वाले इस नाले के किनारे बच्ची का शव लोहे के जाल में फंसा मिला था. सबसे पहले दो स्कूली बच्चों ने शव को देखा, और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया.

जिंदा बच्ची को नाले में फेंका  

पुलिस जांच में सामने आया कि बच्ची को जिंदा नाले में फेंका गया था. बताया जा रहा है कि मृत बच्ची परिवार की छठी बेटी थी, जबकि इससे पहले उसकी पांच बड़ी बहनें हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में आर्थिक तंगी इस खौफनाक कदम की वजह सामने आई है. बच्ची के माता-पिता धीरज नगर की झुग्गी में रहते हैं, जहां परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है.

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आधिकारिक बयान जारी किए जाने की बात कही जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर समाज के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह भी पढ़ें: गोलगप्पे-छोले खाकर 18 बच्चे बीमार, एक की मौत; फूड प्वाइजनिंग के बाद मेडिकल टीम कर रही कैंप

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com