विज्ञापन

फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर हादसे का लाइव VIDEO, इनोवा कार ने बाइक को उड़ाया, आगे चल रही गाड़ी से टकराई

एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने रेड लाइट पर खड़ी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक दो गाड़ियों के बीच फंस गई और उसके परखच्चे उड़ गए.

फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर हादसे का लाइव VIDEO, इनोवा कार ने बाइक को उड़ाया, आगे चल रही गाड़ी से टकराई

गुरुग्राम: फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर रफ्तार का कहर देखने को मिला है. एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने रेड लाइट पर खड़ी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक दो गाड़ियों के बीच फंस गई और उसके परखच्चे उड़ गए. इस हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है. मामला ग्वाल पहाड़ी स्थित वाइन शॉप और सीएनजी पंप के पास का है.  

रेड लाइट पर खड़ी बाइक को पीछे से उड़ाया

हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार की रफ्तार साफ देखी जा सकती है. जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 50 वर्षीय शाकिर के रूप में हुई है. शाकिर अपने भाई राशिद के साथ काम खत्म करके गुरुग्राम से फरीदाबाद स्थित अपने घर लौट रहे थे. जब वे ग्वाल पहाड़ी चौकी के पास रेड लाइट पर रुके, तभी पीछे से आ रही अनियंत्रित इनोवा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक आगे खड़ी एक अन्य गाड़ी से जा टकराई, जिससे दोनों भाई दो गाड़ियों के बीच सैंडविच बन गए. 

अस्पताल ले गया ड्राइवर, फिर हुआ फरार

हादसे के बाद आरोपी इनोवा चालक ही दोनों घायलों को डीएलएफ फेज-1 के एक निजी अस्पताल लेकर गया था. हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण उन्हें फरीदाबाद के बीके अस्पताल रेफर कर दिया गया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने शाकिर को मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया.

परिवार का इकलौता सहारा थे शाकिर

मृतक के भाई राशिद ने बताया कि वे दोनों भाई हाउस पेंटर का काम करते हैं और पिछले कई वर्षों से फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी में किराए पर रह रहे हैं. शाकिर के परिवार में उनकी दो पत्नियां और तीन बच्चे हैं. इस हादसे ने परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा कर दिया है.

ग्वाल पहाड़ी पुलिस चौकी के जांच अधिकारी राकेश ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस के पास दुर्घटना का वीडियो मौजूद है और गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gurugram Innova Overspeeding Accident CCTV, Bike Crushed Between Two Vehicles Gurugram, Shakir And Rashid Accident Details, Faridabad Painter Brothers Road Accident, Gwal Pahari CNG Pump Accident Update
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com