हिमाचल प्रदेश में अटल टनल के बाहर एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है. मनाली में बुधवार को पुलिस ने बताया कि अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास एक गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक पर्यटक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. मृतक की पहचान राजस्थान के सीकर निवासी कैलाश (34) के तौर पर हुई है.
घायलों की पहचान उत्तर प्रदेश के लखीमपुर निवासी आदित्य और सीकर निवासी राजेंद्र और सिद्धार्थ (चालक) के तौर पर हुई है. पुलिस के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब पर्यटक मंगलवार रात मनाली से लाहौल जा रहे थे.
नदी पर बन रहे पुल से टकराई कार
रात करीब 10 बजे, अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद, गाड़ी रास्ते से हटकर चंद्र नदी की ओर जा गिरी. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण चालक मोड़ पर गाड़ी नहीं संभाल पाया और नदी पर बन रहे एक पुल से टकरा गया.
पुलिस ने पर्यटकों से की अपील
सिसु स्टेशन हाउस ऑफिसर मुकेश राठौर ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है. मृतक के शव को कब्जे में ले लिया गया है और परिवार को सूचित कर दिया गया है. पोस्टमार्टम के बाद और परिजनों के आने पर शव उन्हें सौंप दिया जाएगा. पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि वे पहाड़ी इलाकों में रात के समय यात्रा करने और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने से बचें, खासकर मॉनसून के दौरान जब सड़कें फिसलन भरी होती हैं और विजिबिलिटी कम होती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं