चंबा से होली रूट पर चल रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस का एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने निगम प्रबंधन और सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वायरल वीडियो में बस चालक भारी बारिश के बीच छाता लगाकर बस चलाता हुआ दिखाई दे रहा है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे यात्रियों की सुरक्षा के साथ खुला खिलवाड़ बता रहे हैं. जानकारी के अनुसार, यह बस कांगड़ा के बैजनाथ-पत्थर से भरमौर के होली के लिए चलती है.
बारिश में छत से टपकने लगा पानी
बताया जा रहा है कि यह बस रोजाना सुबह करीब 6 बजे चंबा से होली के लिए रवाना होती है. रविवार सुबह क्षेत्र में भारी बारिश हो रही थी. इसी दौरान बस की छत से पानी टपकने लगा, जिससे चालक को मजबूरन छाता लगाकर बस चलानी पड़ी. बस में साथ बैठे एक यात्री ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है. इस बस को लेकर पहले भी कई बार छत टपकने, शीशे टूटने और बीच रास्ते में खराब होकर खड़े होने जैसे वीडियो सामने आ चुके हैं. करीब दो वर्ष पहले लोगों की मांग पर शुरू की गई इस सेवा में लगातार जर्जर और पुरानी बसें भेजी जा रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है.
मजबूरी में छाता लेकर बस चलाता रहा ड्राइवर
लोगों ने आरोप लगाया है कि निजी बस ऑपरेटरों को फायदा पहुंचाने के लिए इस रूट पर जानबूझकर पुरानी और खटारा बसें भेजी जा रही हैं. यदि यह आरोप सही हैं, तो यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्र के लोगों के साथ अन्याय है. वीडियो बनाने वाले युवक राजू भारद्वाज ने बताया कि वह रविवार सुबह इसी बस से होली गया था. लगातार बारिश के कारण बस की छत से पानी टपक रहा था और चालक को मजबूरी में छाता लगाकर बस चलानी पड़ी. आखिर कब तक जनजातीय और दुर्गम क्षेत्रों के यात्रियों को ऐसी बदहाल बसों में जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ेगा?
यह भी पढे़ं-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं