गुजरात के वडोदरा शहर के सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र हाथीखाना में शुक्रवार को एक मस्जिद के बाहर भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया. एक अधिकारी ने कहा कि पथराव करने वाले लोगों को नमाज का वीडियो बनाए जाने पर आपत्ति थी. पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि एक वरिष्ठ अधिकारी घायल हो गए. पुलिस ने कहा कि संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में गुरुवार को देश के विभिन्न भागों में हुई हिंसा के मद्देनजर एहतियात के तौर पर नमाज पढ़ने आए लोगों की वीडियोग्राफी की जा रही थी. वडोदरा पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने कहा कि भीड़ को तितर बितर करने के लिए आंसूगैस के दस गोले छोड़े गए.
उन्होंने कहा कि भीड़ द्वारा किए गए पथराव में सहायक पुलिस आयुक्त वी आर राठौड़ घायल हो गए.गहलोत ने यह भी कहा कि पथराव में कुछ पुलिस वाहनों के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए. पुलिस आयुक्त ने कहा, 'हमने पत्थराव में शामिल तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है. हमारे पास अन्य शरारती तत्वों की तस्वीरें और वीडियो भी हैं.' नमाज अदा करने के बाद कुछ युवाओं ने पुलिस दल के साथ वीडियोग्राफर के भी होने पर आपत्ति की जिसके बाद पथराव शुरू हो गया. पुलिस उपायुक्त अचल त्यागी ने कहा कि पुलिस के साथ वीडियोग्राफर का जाना सामान्य बात है. त्यागी ने कहा, 'गलतफहमी के कारण कुछ लोगों ने हमारे वाहनों पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया. हम दोषियों को पकड़ने के लिए क्षेत्र की घेराबंदी कर रहे हैं.'
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं