- वडोदरा में एक गैस एजेंसी के ड्राइवर ने घरेलू सिलेंडरों को ग्राहकों तक पहुंचाने के बजाय अपने घर ले जाकर चोरी की
- एस.ओ.जी. ने हरणी इलाके में छापेमारी कर आरोपी को रंगे हाथों गैस रिफिलिंग करते हुए गिरफ्तार किया
- पुलिस ने छापेमारी में गैस सिलेंडर, रिफिलिंग उपकरण, मोबाइल फोन, डिलीवर चालान और सामान जब्त किया
एलपीजी गैस कि किल्लत के बीच कई लोग ऐसे हैं जो आपदा में भी अवसर तलाशने से पीछे नहीं हटते. गुजरात के वडोदरा में एक गैस एजेंसी के ड्राइवर ने ही गैस सिलेंडरों के साथ खेल कर दिया. वह गैस के घरेलू सिलेंडरों को ग्राहकों तक पहुंचाने के बजाय अपने घर ले जाता था. अब
कालाबाजारी के खिलाफ एस.ओ.जी की टीम ने सख्त रुख अपनाते हुए हरणी इलाके में छापेमारी कर बड़े घोटाले का पर्दाफाश किया है.
एजेंसी का ड्राइवर ही निकला मास्टरमाइंड
पुलिस को सटीक जानकारी मिली थी कि 'रामदेव गैस एजेंसी' का टेम्पो चालक, सादुल भोपाभाई भरवाड़, एजेंसी से मिलने वाले भारत गैस के घरेलू सिलेंडरों को ग्राहकों तक पहुंचाने के बजाय अपने घर ले जाता है. वहां वह सिलेंडरों के सील तोड़कर पाइप के जरिए कमर्शियल गैस सिलेंडरों में गैस रिफिल करता था और फिर उन्हें बाजार में ऊंचे दामों पर बेचकर चोरी को अंजाम देता था.
एस.ओ.जी. की टीम ने हरणी रोड स्थित न्यू वी.आई.पी. रोड, रेवड़िया महादेव मंदिर के सामने, भरवाड़वास के प्लॉट नंबर 06 पर छापेमारी की.पुलिस ने 46 वर्षीय आरोपी सादुलभाई भोपाभाई भरवाड़ को रंगे हाथों गैस रिफिलिंग करते हुए गिरफ्तार किया है. जांच में पता चला कि आरोपी चंद्रगुप्त कॉम्प्लेक्स स्थित रामदेव गैस एजेंसी में बजाज अतुल थ्री-व्हीलर टेम्पो चलाता था. वह एजेंसी से मिले 25 घरेलू सिलेंडरों की डिलीवरी करने के बजाय उन्हें अपने निवास स्थान पर ले जाकर अवैध रूप से कमर्शियल सिलेंडरों में गैस ट्रांसफर कर रहा था.
मौके पर क्या-क्या मिला?
पुलिस ने घटनास्थल से कुल 1,35,264 रुपये का मुद्दामाल जब्त किया है, जिसमें निम्नलिखित वस्तुएं शामिल हैं:
* एक थ्री-व्हीलर टेम्पो।
* भारत गैस के 25 घरेलू सिलेंडर।
* आधे भरे हुए 4 कमर्शियल सिलेंडर और 1 एच.पी. गैस सिलेंडर।
* गैस रिफिलिंग के उपकरण, पाइप और वजन कांटा।
* मोबाइल फोन, सील-ढक्कन, डिलीवरी चालान और अन्य दस्तावेज।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं