विज्ञापन

18 साल बाद मिला इंसाफ, इस्माइल दरबार की मां की मौत मामले में डॉक्टर दोषी करार, 2 साल की सजा

सूरत की एक अदालत ने मशहूर संगीतकार इस्माइल दरबार की मां जैतूनबीबी दरबार की मौत से जुड़े मेडिकल लापरवाही के मामले में करीब 18 साल बाद फैसला सुनाया है.

18 साल बाद मिला इंसाफ, इस्माइल दरबार की मां की मौत मामले में डॉक्टर दोषी करार, 2 साल की सजा
संगीतकार इस्माइल दरबार की मां की मौत केस में बड़ा फैसला
NDTV
  • सूरत में इस्माइल दरबार की मां जैतूनबीबी की मौत के मामले में मेडिकल लापरवाही के आरोप साबित
  • अदालत ने डॉक्टर परेश भजियावाला को दो साल की सजा और एक हजार रुपये जुर्माना सुनाया है
  • मामला जनवरी 2009 का है जब अस्पताल में गर्म पानी की थैली से जलने के कारण मरीज की हालत बिगड़ी थी

सूरत में मशहूर संगीतकार इस्माइल दरबार की मां जैतूनबीबी दरबार की मौत के मामले में करीब 18 साल बाद अदालत ने फैसला सुनाया है. मेडिकल लापरवाही के आरोप में आरोपी डॉक्टर परेश भजियावाला को दो साल की सजा और 1 हजार रुपये जुर्माने का आदेश दिया गया है. हालांकि, अदालत ने अपने आदेश पर 30 दिनों के लिए स्टे भी दिया है.

क्या है पूरा मामला?

मामला जनवरी 2009 का है, जब 70 वर्षीय जैतूनबीबी दरबार को बुखार और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के चलते सूरत के नानपुरा स्थित गिरीश ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स में भर्ती कराया गया था. परिवार का आरोप था कि इलाज के दौरान अस्पताल के स्टाफ ने गर्म पानी की थैली लंबे समय तक उनके शरीर पर रखी छोड़ दी, जिससे उनकी पीठ और हाथ के हिस्से में गंभीर रूप से जलने के निशान पड़ गए.

सही इलाज न मिलने से हुई मौत

परिजनों के मुताबिक, इस घटना के बाद जैतूनबीबी को समय पर उचित इलाज नहीं मिल पाया और फरवरी 2009 में उनकी मौत हो गई. इस मामले में अस्पताल से जुड़े डॉक्टरों के खिलाफ मेडिकल नेग्लिजेंस यानी चिकित्सा में लापरवाही के आरोप लगाए गए थे.

सूरत की अठवा पुलिस ने वर्ष 2009 में डॉ. परेश भजियावाला को गिरफ्तार किया था. परिवार ने अस्पताल के संचालक डॉ. गिरीश शाह और अन्य डॉक्टरों पर भी लापरवाही के आरोप लगाए थे. मामले की सुनवाई के दौरान फरवरी 2025 में इस्माइल दरबार ने उन दो डॉक्टरों के खिलाफ भी गवाही दी थी, जिनके नाम चार्जशीट से हटाए गए थे.

शिकायतकर्ता की ओर से अधिवक्ता केतन रेशमवाला ने अदालत में दलीलें पेश कीं. लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने डॉ. परेश भजियावाला को दोषी ठहराते हुए दो साल की सजा और 1 हजार रुपये जुर्माने का आदेश दिया.

फैसले के बाद अदालत ने आदेश को 30 दिनों के लिए स्थगित रखा है. वहीं, कोर्ट परिसर से बाहर निकलते समय आरोपी डॉक्टर परेश भजियावाला चेहरे पर मास्क लगाए नजर आए. करीब 18 साल पुराने इस मामले में आए फैसले के बाद चिकित्सा लापरवाही और मरीजों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Surat Court, Surat Court Verdict, Ismail Darbar, Ismail Darbar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com