विज्ञापन

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर आमने-सामने आए एअर इंडिया और इंडिगो के विमान, टला बड़ा हादसा

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर एयर इंडिया और इंडिगो के दो विमान एक ही टैक्सीवे पर आमने-सामने आ गए. हालांकि समय रहते दोनों विमानों को रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया.

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर आमने-सामने आए एअर इंडिया और इंडिगो के विमान, टला बड़ा हादसा

Ahmedabad Airport: गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम करीब 7:59 बजे एयर इंडिया (Air India) और इंडिगो (IndiGo) के विमान टैक्सीवे पर कुछ समय के लिए आमने-सामने आ गए. हालांकि ATC की त्वरित कार्रवाई से दोनों विमानों को समय रहते रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. सूत्रों के अनुसार, एयर इंडिया का एक विमान यात्रियों के साथ लैंड कर रहा था. उसी समय इंडिगो की एक फ्लाइट टेकऑफ की तैयारी में थी.

जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट लैंडिंग के बाद टैक्सिंग के दौरान अनजाने में गलत मोड़ ले लिया, जिसके चलते वह इंडिगो के विमान के ठीक सामने आ गई. हालांकि स्थिति पर तुरंत नियंत्रण कर लिया गया, जिसके चलते किसी भी यात्री या विमान को कोई नुकसान नहीं हुआ. 

20 मिनट देरी से रवाना हुई इंडिगो फ्लाइट

एयर इंडिया के विमान को बाद में रात 8:18 बजे खींचकर किया गया. इस घटना के कारण इंडिगो की उड़ान लगभग 20 मिनट देरी से रवाना हुई. घटना में किसी तरह की सुरक्षा चूक या चोट की सूचना नहीं है. बता दें कि इस घटना की पुष्टि इंडिगो के सूत्रों ने की है.

सभी यात्री सुरक्षित

एयर इंडिया ने कहा है कि 24 जून को मुंबई से अहमदाबाद जा रही फ्लाइट AI2493 लैंडिंग के बाद टैक्सींग के दौरान अनजाने में गलत दिशा में मुड़ गई. एयरलाइन के अनुसार, इस घटना से यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ा. बाद में विमान को टो करके वापस पार्किंग बे तक लाया गया. एयर इंडिया ने कहा कि घटना की जानकारी नियामक अधिकारियों को दे दी गई है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके.

एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि पूरी घटना के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे.

टेकऑफ के दौरान गलती दिशा में मुड़ गया विमान

इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि 24 जून 2026 को अहमदाबाद से मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 5160 टेकऑफ के लिए टैक्सी कर रही थी. इसी दौरान दूसरी एयरलाइन (एयर इंडिया) का एक विमान गलती से गलत दिशा में मुड़ गया और इंडिगो के विमान के रास्ते में आ गया. दोनों विमान सुरक्षित दूरी पर रुक गए और किसी भी तरह की टक्कर नहीं हुई. बाद में दूसरे विमान को टो करके हटाया गया, जिसके बाद इंडिगो की उड़ान रवाना हुई. उन्होंने बताया कि इंडिगो की फ्लाइट सुरक्षित रूप से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच गई है. घटना की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को दी गई. इंडिगो ने कहा कि यात्रियों, चालक दल और विमान की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.

ये भी पढ़ें: 'पापा मैं जंग हार गई...' लिख AAP नेता ने दी जान, बहन से बोली-लिव-इन पार्टनर असलम ने निकलवा दी बच्चादानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ahmedabad Airport, Ahmedabad News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com