विज्ञापन
This Article is From Dec 09, 2017

गुजरात चुनाव : पीएम मोदी ने गिनाए अपने खिलाफ कांग्रेस नेताओं के आपत्तिजनक बयान

गुजरात के बाभार कस्बे में मोदी ने आरोप लगाया कि अय्यर ने द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने के रास्ते से उन्हें ‘हटाने के लिए’ पाकिस्तान में सुपारी दी थी.

गुजरात चुनाव : पीएम मोदी ने गिनाए अपने खिलाफ कांग्रेस नेताओं के आपत्तिजनक बयान
गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)
भाभर/अहमदाबाद: मणिशंकर अय्यर के ‘नीच व्यक्ति’ वाले बयान को लेकर कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोनिया गांधी सहित कांग्रेस नेताओं की ओर से दिए उन आपत्तिजनक बयानों के बारे में शुक्रवार को लोगों को याद दिलाया जो उन पर निशाना साधते हुए दिए गए थे. गुजरात के बाभार कस्बे में मोदी ने आरोप लगाया कि अय्यर ने द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने के रास्ते से उन्हें ‘हटाने के लिए’ पाकिस्तान में सुपारी दी थी. उन्होंने अहमदाबाद के निकोले इलाके की एक सभा में कहा, ‘‘कांग्रेस नेताओं ने मुझे एक के बाद एक अकल्पनीय शीर्षक दिए. मुझे सांप, बिच्छू, चायवाला, लहू-पुरुष, नीच, गटर का कीड़ा, पागल कुत्ता, नपुंसक, भस्मासुर, बंदर, औरंगजेब, मानसिक रूप से विक्षिप्त, निरक्षर, रावण, यमराज और क्या क्या नहीं कहा. क्या आप इसी तरह से लोकतंत्र और चुने हुए मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री का सम्मान करते हैं.’’

मोदी ने कहा कि उन्हें ये चीजें गिनानी पड़ीं क्योंकि कुछ नेता अय्यर को निलंबित करके खुद को पाक-साफ दिखा रहे हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘‘मुझे जितनी गालियां दी गई हैं वह उनमें से 10 फीसदी का ही उल्लेख कर रहे हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की कार्य संस्कृति अटकाना, लटकाना और भटकाना है.’’ अय्यर के विवादित बयान को लेकर मोदी ने कहा, ‘‘आप मुझे बताइए कि मैं नीच क्यों हूं? क्योंकि मैं एक गरीब परिवार में पैदा हुआ? या इसलिए कि मैं एक पिछड़े परिवार में पैदा हुआ? या इसलिए कि मैं एक गुजराती हूं?’’

VIDEO: गुजरात का गढ़ : पीएम ने मणिशंकर के बयान को गुजरात का अपमान से जोड़ा

उन्होंने कहा, ‘‘यह पहली बार नहीं है कि कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि मैं नीच हूं. सोनिया गांधी और उनके परिवार के सदस्यों ने मेरे बारे में ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया है. वे ऐसा इसिलए करते हैं क्योंकि उनको गुजरात और यहां के लोगों से द्वेष है. चाहे वह सरदार पटेल हों, मोरारजी देसाई हों या फिर मोदी हो.’’

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gujarat Assembly Elections 2017
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com