Trinity Golf Champions League 2026: ट्रिनिटी गोल्फ चैंपियंस लीग (TGCL) के चौथे सीजन के लिए वेव सिटी की टीम ‘वेव राइडर्स' ने अपनी 20 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. टीम में अनुभवी प्रोफेशनल गोल्फर, उभरती प्रतिभाएं, गोल्फ प्रेमी खिलाड़ी और एक मशहूर सेलिब्रिटी का खास मिश्रण देखने को मिलेगा.
सिमरजीत सिंह होंगे कप्तान
वेव राइडर्स की कमान अनुभवी गोल्फर सिमरजीत सिंह संभालेंगे, जबकि आशीष कपूर टीम के उप-कप्तान होंगे. टीम में शौर्य भट्टाचार्य, रिद्धिमा दिलावरी, अर्जुन शर्मा और जैसमीन शेकर जैसे प्रमुख खिलाड़ी भी शामिल हैं. टीम के लिए इस बार एक खास आकर्षण जफर इकबाल होंगे, जो सेलिब्रिटी गोल्फर के तौर पर वेव राइडर्स का हिस्सा बने हैं. टीम को उम्मीद है कि उनका अनुभव और लोकप्रियता टूर्नामेंट में नया रंग जोड़ेगी.
पिछले सीजन के अनुभव के साथ उतरेगी टीम
वेव राइडर्स इस सीजन में पिछले साल के अनुभव को अपनी ताकत बनाकर उतरेगी. टीम में पिछले सीजन के खिलाड़ियों के साथ कुछ नए चेहरों को भी जगह दी गई है. ऐसे में टीम को उम्मीद है कि अनुभवी खिलाड़ियों की समझ और युवा खिलाड़ियों की ऊर्जा मिलकर उसे मजबूत दावेदार बनाएगी. वेव ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर और वेव राइडर्स के प्रमोटर राजीव गुप्ता ने कहा कि टीम में अनुभव और नए टैलेंट का बेहतरीन संतुलन है. उन्होंने उम्मीद जताई कि पिछले सीजन से मिली सीख के आधार पर टीम इस बार शानदार प्रदर्शन करेगी.
कपिल देव को वेव राइडर्स से बड़ी उम्मीदें
टीजीसीएल के प्रस्तुतकर्ता कपिल देव ने कहा कि लीग अपने चौथे सीजन में पहुंच चुकी है और वेव राइडर्स लगातार इसका हिस्सा बन रही है. उनके मुताबिक, टीजीसीएल प्रोफेशनल्स, एमेच्योर और सेलिब्रिटी खिलाड़ियों को एक मंच पर लाने का अनोखा प्रयास है. उन्होंने वेव राइडर्स से इस सीजन में भी दमदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई.
टीजीसीएल के प्रमोटर अतीत गौर ने कहा कि टूर्नामेंट का मकसद सिर्फ प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि गोल्फ में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस खेल से जोड़ना भी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं