फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में कोई भी उलटफेर देखने को नहीं मिलेगा, क्योंकि खिताब के लिए रैंकिंग के हिसाब से दुनिया की टॉप-4 टीमें मुकाबला कर रही हैं. जहां पहला सेमी-फ़ाइनल फ़्रांस और स्पेन के बीच होगा, जबकि मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना दूसरे सेमी-फ़ाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगी. FIFA ने इन दोनों मैचों के लिए रेफ़री की लिस्ट पहले ही जारी कर दी है. मोरक्को में जन्मे अमेरिकी रेफ़री इस्माइल एल्फ़ाथ अर्जेंटीना बनाम इंग्लैंड मैच में रेफ़री की भूमिका निभाएंगे. अल साल्वाडोर के इवान बार्टन फ़्रांस बनाम स्पेन मैच में रेफ़री होंगे.
जारी वर्ल्ड कप में रेफरी के फैसलों को लेकर विवाद हुआ है, खासकर VAR से जुड़े कई विवादों ने सुर्खियां बटोरी हैं. जबकि अर्जेंटीना के मैचों पर खास तौर पर फोक्स है, क्योंकि विरोधी टीम के फैंस सोशल मीडिया पर रेफरी के अर्जेंटीना को तवज्जो देने का आरोप लगा रहे हैं. इन सबके बीच दूसरे सेमीफाइनल के लिए मैच रेफरी के तौर पर इस्माइल एल्फाथ की नियुक्ति ने मुकाबले को और भी रोमांचक बना दिया है. एल्फाथ ने कुछ ऐसे बड़े मैचों में रेफरी की भूमिका निभाई है जिनमें मेसी शामिल थे.
कौन हैं इस्माइल एल्फाथ
मोरक्को के कैसाब्लांका में जन्मे एल्फाथ, यूनाइटेड स्टेट्स का प्रतिनिधित्व करते हैं. उन्होंने इस वर्ल्ड कप में तीन मैचों में रेफरी की भूमिका निभाई है. जापान और नीदरलैंड्स के बीच 2-2 से ड्रॉ हुआ मैच, उरुग्वे पर स्पेन की 1-0 से जीत और राउंड ऑफ़ 16 में ब्राज़ील पर नॉर्वे की 2-1 से जीत.
इन मैचों में उन्होंने छह येलो कार्ड और एक रेड कार्ड दिखाया है. रेड कार्ड उरुग्वे के विंगर अगस्टिन कैनोबिओ को मिला, जिसको लेकर कोई विवाद नहीं है.
एल्फाथ ने कतर में हुए 2022 वर्ल्ड कप में भी रेफरी की भूमिका निभाई है. अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच हुए फाइनल मैच में वह फोर्थ ऑफिशियल थे. इसके अलावा, उन्होंने टोलुका और टाइग्रेस के बीच 2026 कॉन्काकैफ चैंपियंस कप फाइनल, और फिलाडेल्फिया यूनियन और LAFC के बीच 2022 MLS कप मैच में भी रेफरी की भूमिका निभाई थी.
मेसी के लकी चॉर्म हैं एल्फाथ
एल्फथ अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच 2022 फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में चौथे ऑफिशियल थे, जिसमें मेसी ने दो गोल किए और उनकी टीम ने खिताब जीता था.
जब मेसी की टीम इंटर मियामी ने 2023 लीग्स कप जीता था, एल्फथ उस मुकाबले में भी मैच रेफरी थे. इस मैच में भी मेसी ने अपनी टीम का एकमात्र गोल किया और उनकी टीम ने नैशविले SC को पेनल्टी शूटआउट में हराया. मेजर लीग सॉकर में, एल्फथ ने उन चार मैचों में रेफरी रहे, जिनमें मेसी खेले - उनकी टीम ने वे सभी मैच जीते.
यह भी पढ़ें: France vs Spain Live Streaming: फ्रांस बनाम स्पेन सेमीफाइनल कितने बजे होगा शुरू, कहां देख पाएंगे लाइव
यह भी पढ़ें: एक चश्मिश-प्रोफ़ेसर तो एक नस्लवाद-Racism का धुर-विरोधी, अगर सेमीफ़ाइनल शूटआउट में गया तो किस गोलकीपर का चलेगा मैजिक?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं