Spain vs France, FIFA World Cup 2026 Semifinal: फ्रांस के खिलाफ FIFA वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में स्पेन की जीत सिर्फ स्कोरलाइन तक सीमित नहीं रही. यह मुकाबला दो अलग-अलग फुटबॉल शैलियों की टक्कर भी था. एक तरफ स्पेन था, जिसने पूरे मैच में गेंद पर नियंत्रण, छोटे-छोटे पास और बेहतरीन मूवमेंट के दम पर खेल की रफ्तार तय की. दूसरी ओर फ्रांस था, जिसकी डिफेंस लाईन कई मौकों पर स्पेन के तेज और तकनीकी खेल के सामने बिखरती नजर आई.
58वें मिनट में पेड्रो पोरो का गोल इस मुकाबले की सबसे बड़ी तस्वीर बन गया. इसी एक मूव ने दिखा दिया कि स्पेन किस स्तर की सामूहिक फुटबॉल खेल रहा है.
पुरानी स्पेन की याद फिर हुई ताजा
स्पेन का प्रदर्शन देखकर वही दौर याद आया, जब कार्ल्स पुयोल की कप्तानी में टीम ने 2008 से 2012 के बीच विश्व फुटबॉल पर अपना दबदबा कायम किया था. लगातार दो यूरोपीय चैंपियनशिप और एक FIFA वर्ल्ड कप जीतने वाली उस टीम की सबसे बड़ी पहचान उसका तकनीकी खेल और गेंद पर नियंत्रण था. अब रॉड्री की कप्तानी में स्पेन एक बार फिर उसी पहचान के साथ मैदान पर उतरता दिखाई दे रहा है.
दूसरे गोल की शुरुआत स्पेन के लंबे पजेशन से हुई. खिलाड़ियों ने धैर्य के साथ गेंद अपने पास रखी और फ्रांस की मिडफील्ड लाइन को लगातार अपनी जगह बदलने पर मजबूर किया. इसी दौरान राइट-बैक पेड्रो पोरो ने दाईं ओर से गहराई में दौड़ लगाई. फ्रांस के मिडफील्ड और लेफ्ट फ्लैंक के खिलाड़ियों ने इस रन को न तो पढ़ा और न ही उसे रोकने की कोशिश की. नतीजा यह हुआ कि पोरो बिना किसी दबाव के पेनल्टी एरिया तक पहुंच गए.
दानी ओल्मो के साथ शानदार तालमेल
पेनल्टी बॉक्स के किनारे पेड्रो पोरो और दानी ओल्मो के बीच तेजी से पासों का आदान-प्रदान हुआ. पोरो ने गेंद ओल्मो को दी और तुरंत आगे की ओर दौड़ लगा दी. ओल्मो ने भी बिना समय गंवाए गेंद वापस सही जगह पर पहुंचा दी. दोनों खिलाड़ियों के बीच इस तेज तालमेल ने फ्रांस की पूरी डिफेंस लाइन को असंतुलित कर दिया.
Pedro Porro's goal vs France. Look at the composure infront of goal pic.twitter.com/ggKoU6PMWg
— Change4Tottenham (@change4spurs) July 14, 2026
उपामेकानो की एक गलती पड़ी भारी
दायोट उपामेकानो ने ओल्मो को रोकने के लिए अपनी पोजिशन छोड़ दी. उनका पूरा ध्यान गेंद लेकर आगे बढ़ रहे खिलाड़ी पर था, जबकि पासिंग लेन को बंद करने की कोशिश नहीं की गई. जैसे ही उपामेकानो अपनी जगह से हटे, फ्रांस की डिफेंस में बड़ा खाली स्थान बन गया. बाकी डिफेंडर भी समय रहते उस जगह को भर नहीं सके. यही चूक स्पेन के लिए सबसे बड़ा मौका बन गई.
पोरो ने नहीं छोड़ी कोई गलती
गेंद वापस मिलने के बाद पेड्रो पोरो के पास शॉट लगाने के लिए पर्याप्त समय और जगह थी. उन्होंने बिना घबराए सटीक फिनिश किया और फ्रांस के गोलकीपर माइक मैगनन को कोई मौका नहीं दिया. यह सिर्फ एक गोल नहीं था, बल्कि स्पेन की सामूहिक समझ, बेहतरीन मूवमेंट और तकनीकी फुटबॉल का शानदार नमूना था.
स्पेन ने क्यों जीता सेमीफाइनल?
पूरे मुकाबले में स्पेन ने यह साबित किया कि आधुनिक फुटबॉल में सिर्फ व्यक्तिगत प्रतिभा काफी नहीं होती. खिलाड़ियों के बीच तालमेल, सही समय पर रन, सटीक पास और पोजिशनिंग ही बड़े मुकाबलों का फैसला करती है.
फ्रांस के पास किलियन एम्बाप्पे जैसे विश्वस्तरीय खिलाड़ी थे, लेकिन स्पेन ने टीम गेम के दम पर मुकाबले को अपने नियंत्रण में रखा. पेड्रो पोरो का गोल उसी सोच और उसी फुटबॉल दर्शन का सबसे बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया, जिसने स्पेन को एक बार फिर FIFA वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंचा दिया.
हार के बाद कप्तान एम्बाप्पे ने मानी गलती
एम्बाप्पे ने फॉक्स से कहा, "यह हमारे लिए मुश्किल था. रणनीति के तौर पर, हमारा प्लान था कि उन पर दबाव बनाएं, वन-टू-वन खेलें, और उन्हें मैच की गति तय करने या अपनी मर्ज़ी से खेलने न दें. वे गेम और बॉल पर कंट्रोल रखना चाहते हैं." फ्रांसीसी कप्तान ने कहा कि स्पेन की मिडफील्ड को बहुत ज़्यादा आज़ादी दी गई, जिससे 'ला रोजा' (स्पेन की टीम) ने बॉल पर कब्ज़ा बनाए रखा और मैच पर कंट्रोल कर लिया.
उन्होंने आगे कहा, "हमने उन्हें ऐसा करने दिया. हमने मिडफील्ड को खेलने के लिए बहुत ज़्यादा समय दिया और उनमें खेलने की काबिलियत है. जब आप स्पेन के प्लान को नहीं बदलते तो मुश्किल होती है. पेनल्टी से भी उन्हें गेम में वापसी करने में मदद मिली और फिर उन्होंने दूसरा गोल किया, और हममें फाइनल तक पहुंचने की काबिलियत नहीं थी."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं