विज्ञापन

फीफा वर्ल्ड कप: क्वार्टर फाइनल से पहले बढ़ी इंग्लैंड की मुश्किलें, इस धुरंधर खिलाड़ी के खेलने पर संशय

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के स्टार डिफेंडर रीस जेम्स का नॉर्वे के खिलाफ मैच में खेलना अभी तय नहीं है. हैमस्ट्रिंग चोट से जूझ रहे जेम्स बुधवार को भी टीम के साथ ट्रेनिंग नहीं कर पाए.

फीफा वर्ल्ड कप: क्वार्टर फाइनल से पहले बढ़ी इंग्लैंड की मुश्किलें, इस धुरंधर खिलाड़ी के खेलने पर संशय
हैमस्ट्रिंग चोट से जूझ रहे इंग्लैंड के स्टार डिफेंडर रीस जेम्स
NDTV

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर-फाइनल मुकाबले से पहले इंग्लैंड फुटबॉल टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं. टीम के स्टार डिफेंडर रीस जेम्स का नॉर्वे के खिलाफ होने वाले मुकाबले में खेलना अभी तय नहीं है. हैमस्ट्रिंग चोट से जूझ रहे जेम्स बुधवार को भी टीम के साथ ट्रेनिंग नहीं कर पाए. 

रीस जेम्स को घाना के खिलाफ इंग्लैंड के दूसरे ग्रुप मुकाबले के दौरान चोट लगी थी. गोलरहित ड्रॉ रहे इस मैच के बाद से वह टीम से बाहर हैं. वह रविवार को मेक्सिको के खिलाफ खेले गए राउंड ऑफ-16 मुकाबले में भी मैदान पर नहीं उतर सके थे. इंग्लैंड ने इस मैच में मेक्सिको को 3-2 से हराकर क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाई है.

इंग्लैंड के कोच थॉमस ट्यूशेल के लिए डिफेंस को लेकर चिंता बढ़ गई है. मेक्सिको के खिलाफ मैच में जेरेल क्वांसाह को रेड कार्ड मिला था, जिसके कारण वह नॉर्वे के खिलाफ क्वार्टर-फाइनल मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे. ऐसे में राइट-बैक पोजीशन पर टीम के पास विकल्प सीमित हो गए हैं. मेक्सिको पर रोमांचक जीत के बाद इंग्लैंड के खिलाड़ियों को आराम और रिकवरी का समय दिया गया था. इसके बाद टीम के ज्यादातर खिलाड़ी स्वोप सॉकर विलेज में ट्रेनिंग के लिए लौटे. हालांकि, मार्क गुएही, रीस जेम्स और डेक्लान राइस ने सुबह के प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा नहीं लिया. ये खिलाड़ी पहले से ही अलग-अलग व्यक्तिगत कार्यक्रम के तहत काम कर रहे थे.

डेक्लान राइस ने संकेत दिया है कि वह थोड़ी परेशानी के बावजूद खेलने के लिए तैयार हैं. वहीं, गुएही की गैरमौजूदगी को मांसपेशियों की थकान से जोड़ा गया है. इस बीच, अनुभवी मिडफील्डर जॉर्डन हेंडरसन भी टीम के साथ बने हुए हैं. मेक्सिको के खिलाफ जीत का जश्न मनाने के दौरान उनकी कलाई में गंभीर चोट लगी थी. उनकी सफल सर्जरी के बाद वह वापस इंग्लिश कैंप में लौट आए हैं.

टीम ने बताया कि हेंडरसन फिलहाल होटल में आराम कर रहे हैं और उनकी हालत बेहतर है. इंग्लैंड के पास मियामी में होने वाले क्वार्टर-फाइनल मुकाबले से पहले दो दिन की ट्रेनिंग का समय बचा है. क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम का सामना सेमीफाइनल में अर्जेंटीना या स्विट्जरलैंड से होगा.

ये भी पढ़ें-  "पुर्तगाल हमेशा," FIFA वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो का छलका दर्द

ये भी पढ़ें-  'मुकाबला अधिकारियों से नहीं', मोरक्को के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मैच के लिए अर्जेंटीना के रेफरी पैनल पर फ्रांस के कोच का बड़ा बयान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
2026 FIFA World Cup, Football
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com