विज्ञापन

ब्राजील को नॉकआउट करने वाले नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड हैं भारतीय खाने के दीवाने

Erling Haaland FIFA World Cup 2026: फीफा 2026 में तहलका मचाने वाले नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड की गजब की फिटनेस और उनके भारतीय खाने के प्रति प्यार की कहानी.

ब्राजील को नॉकआउट करने वाले नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड हैं भारतीय खाने के दीवाने
Erling Haaland FIFA World Cup 2026: दुनिया के सबसे खतरनाक स्ट्राइकरों में से एक

Erling Haaland: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. नॉर्वे ने न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में पांच बार की चैंपियन ब्राजील को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. नॉर्वे की जीत के नायक एर्लिंग हालैंड रहे, जिन्होंने मैच में दो गोल दागे. इस जीत के साथ ही नॉर्वे ने पहली बार वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. मैच के 79वें मिनट में नॉर्वे को आखिरकार सफलता मिली. एर्लिंग हालैंड ने नॉर्वे की ओर से इस मुकाबले का पहला गोल दागा. इसके बाद मुकाबले के 90वें मिनट में हालैंड ने टीम की बढ़त को जल्द ही 2-0 में तब्दील कर दिया. 

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: IANS

एर्लिंग हालैंड ने एक बार फिर दिखा दिया है कि उन्हें दुनिया के सबसे खतरनाक स्ट्राइकरों में से क्यों एक माना जाता है. फीफा विश्व कप 2026 के अपने शुरुआती दो मैचों में ही उन्होंने चार शानदार गोल ठोक दिए हैं. 25 साल के नॉर्वे के इस स्टार खिलाड़ी की लंबाई 6 फीट 5 इंच है. वह अपनी गजब की रफ्तार और ताकत के लिए पूरी दुनिया में मशहूर हैं. मैदान पर इस फिटनेस को बनाए रखने के लिए मैनचेस्टर सिटी का यह खिलाड़ी एक बेहद कड़ा डाइट प्लान और रिकवरी रूटीन फॉलो करता है. वह हर दिन करीब 6,000 कैलोरी का खाना खाते हैं, जिसे आम इंसान के लिए पचा पाना बहुत मुश्किल है. 

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: IANS

इसके अलावा हालैंड के बारे में एक और दिलचस्प बात यह है कि उन्हें भारतीय खाना भी बहुत पसंद है. एर्लिंग हालैंड पिछले कई सालों से अपनी इस खास डाइट को फॉलो कर रहे हैं. साल 2022 में आई उनकी डॉक्यूमेंट्री 'हालैंड: द बिग डिसीजन' में उन्होंने अपनी इस अनोखी खाने की आदत का खुलासा किया था. नॉर्वेजियन स्टार ने बताया था कि उनके खाने में सबसे ज्यादा मीट-मांस शामिल होता है.

डॉक्यूमेंट्री में हालैंड ने कहा था, "मेरे लिए सबसे जरूरी यह है कि मैं अपने आसपास मिलने वाला अच्छी क्वालिटी का खाना ही खाऊं."अपने शरीर को मजबूत और फुर्तीला बनाए रखने के लिए हालैंड अपनी रोज की डाइट में स्टेक, अंडे, मछली, शहद और दूध जैसी चीजें शामिल करते हैं. यही चीजें उन्हें दुनिया के सबसे फिट फुटबॉलरों में से एक बनाती हैं.

भारतीय खाने के दीवाने हैं हालैंड

भले ही हालैंड की मुख्य डाइट में मांस-मछली ज्यादा शामिल हो, लेकिन उन्हें भारतीय व्यंजनों का स्वाद भी खूब भाता है. प्रीमियर लीग इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में हालैंड ने भारतीय खाने के प्रति अपनी इस दीवानगी के बारे में खुलकर बात की थी. हालैंड ने इंटरव्यू में मुस्कुराते हुए कहा था, "सच कहूं तो मुझे भारतीय खाना बहुत पसंद है. बटर चिकन और लैंब चॉप्स मेरे सबसे पसंदीदा पकवान हैं, और इनके साथ मुझे गार्लिक नान खाना बेहद अच्छा लगता है."

इतनी भारी डाइट के बावजूद हालैंड के फिट शरीर का राज उनकी शानदार रिकवरी प्रक्रिया में छिपा है. मेन्स फिटनेस पत्रिका के अनुसार, हालैंड ने इंग्लैंड के चेशायर स्थित अपने घर में 50,000 पाउंड (लगभग 62 लाख रुपये) की लागत से एक क्रायोचैंबर स्थापित किया है.

बर्फ के स्नान, रेड लाइट थेरेपी और दैनिक फिजियोथेरेपी, हालैंड की फिटनेस और रिकवरी की महत्वपूर्ण वजह हैं. मैनचेस्टर सिटी के स्ट्राइकर अपनी नींद के साथ भी कोई समझौता नहीं करते, वो जल्दी सो जाते हैं और अपनी नींद में सुधार के लिए ब्लू लाइट ग्लासेस का इस्तेमाल करते हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
2026 FIFA World Cup, Football
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com