FIFA वर्ल्ड कप 2026 जीतकर इतिहास रचने वाली स्पेनिश टीम के दो स्टार मिडफील्डर फैबियन रुइज़ और पाब्लो पाएज़ गाविरा 'गावी' को अपने गृह नगर में ऐसा सम्मान मिला, जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है. दोनों खिलाड़ियों को उनके वजन के बराबर स्थानीय टमाटर भेंट किए गए. यह सम्मान अंडालूसिया के छोटे से शहर लॉस पलासिओस वाई विलाफ्रांका की वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा है.
वर्ल्ड कप जीतने के बाद मैड्रिड में भव्य विजय समारोह के बाद रुइज़ और गावी मंगलवार को अपने शहर पहुंचे. राजधानी की सड़कों पर करीब 20 लाख प्रशंसकों ने स्पेन की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया था. इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के स्वागत के लिए उनके गृह नगर में भी बड़ी संख्या में लोग जुटे.
▶️Esto ya es tradicional en Los Palacios y Villafranca
— BeSoccer (@besoccer_ES) July 21, 2026
🍅Gavi y Fabián Ruiz reciben su peso en tomates
📹@AlvarooSVQ @ZonaMixta__ pic.twitter.com/PyPKDOk99U
स्थानीय प्रशासन ने दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके वजन के बराबर टमाटर भेंट किए. इतना ही नहीं, नगर परिषद ने घोषणा की कि शहर के दो फुटबॉल स्टेडियमों का नाम भी अब इन दोनों खिलाड़ियों के नाम पर रखा जाएगा. मौजूदा मारिस्मास स्टेडियम का नाम बदलकर फैबियन रुइज स्टेडियम और सैन सेबेस्टियन स्टेडियम का नाम पाब्लो पाएज़ गाविरा 'गावी' स्टेडियम रखा जाएगा.
फैबियन रुइज़ ने अपने फुटबॉल करियर की शुरुआत लॉस पलासिओस CF से की थी, जबकि गावी महज छह साल की उम्र में ला लियारा बालोम्पी के यूथ सिस्टम से जुड़े थे. यही दोनों क्लब इन स्टेडियमों को अपना घरेलू मैदान बनाते हैं. नगर परिषद ने यह भी बताया कि जुआन होजे वाकेरो एवेन्यू पर एक स्मारक स्थापित किया जाएगा. इस स्मारक में फैबियन रुइज़, गावी और 2010 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य रहे पूर्व स्पेनिश विंगर जीसस नवास को हमेशा के लिए सम्मानित किया जाएगा.
स्पेन ने वर्ल्ड कप फाइनल में अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर अपना दूसरा विश्व खिताब जीता. खिताबी मुकाबले में फेरान टोरेस ने निर्णायक गोल दागकर स्पेन को यादगार जीत दिलाई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं