Argentina vs England FIFA World Cup 2026 Semifinal: FIFA वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अर्जेंटीना और इंग्लैंड की टक्कर सिर्फ दो मजबूत टीमों के बीच मुकाबला नहीं होगी, बल्कि इतिहास भी एक बार फिर इस भिड़ंत का हिस्सा बनने जा रहा है. लियोनेल मेसी की अगुआई वाली अर्जेंटीना ने इस बड़े मुकाबले से पहले ऐसी तैयारी की है, जिसका सीधा संबंध लगभग चार दशक पुराने विश्व कप से जुड़ा है. टीम मैनेजमेंट ने FIFA से अनुरोध किया कि इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में अर्जेंटीना को अपनी नेवी ब्लू अल्टरनेट किट पहनने की अनुमति दी जाए. दिलचस्प बात यह है कि यह फैसला रंगों के बेहतर तालमेल के लिए नहीं, बल्कि इतिहास को दोहराने की उम्मीद में लिया गया.
1986 की यादों को फिर से जिंदा करने की कोशिश
1986 वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना और इंग्लैंड आमने-सामने थे. उसी मुकाबले में डिएगो माराडोना ने 'हैंड ऑफ गॉड' और 'गोल ऑफ द सेंचुरी' जैसे दो ऐतिहासिक पल दुनिया को दिए थे. अर्जेंटीना ने वह मैच 2-1 से जीता था और उस दौरान टीम ने अपनी नेवी ब्लू अवे किट पहनी थी. यही वजह है कि 2026 के सेमीफाइनल से पहले अर्जेंटीना ने एक बार फिर उसी रंग की जर्सी पहनने की इच्छा जताई. टीम का मानना है कि उस ऐतिहासिक जीत की याद खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ा सकती है और इंग्लैंड पर मनोवैज्ञानिक दबाव भी बना सकती है.
विश्व कप में दोनों टीमों की पुरानी टक्कर
1986 के बाद दोनों टीमें विश्व कप में दो बार और भिड़ चुकी हैं. 1998 वर्ल्ड कप में दोनों के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर खत्म हुआ था. इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना ने 4-3 से जीत दर्ज की. उस मैच में भी अर्जेंटीना ने अपनी नेवी ब्लू अल्टरनेट किट पहनी थी. इसके चार साल बाद 2002 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड ने वापसी की. डेविड बेकहम की पेनल्टी के दम पर 'थ्री लायंस' ने 1-0 से जीत हासिल की. उस मुकाबले में अर्जेंटीना अपनी पारंपरिक आसमानी नीली और सफेद धारीदार जर्सी में उतरा था.
FIFA ने तय कर दी दोनों टीमों की जर्सी
अटलांटा में खेले जाने वाले सेमीफाइनल के लिए FIFA ने दोनों टीमों की किट को मंजूरी दे दी है. इंग्लैंड अपनी पारंपरिक सफेद होम जर्सी में मैदान पर उतरेगा, जबकि अर्जेंटीना नेवी ब्लू और काले रंग की अल्टरनेट किट पहनेगा.
इस टूर्नामेंट में कैसा रहा किट का रिकॉर्ड?
FIFA वर्ल्ड कप 2026 में अर्जेंटीना ने अब तक छह मुकाबले खेले हैं. इनमें से पांच मैचों में टीम अपनी पारंपरिक जर्सी में उतरी और सभी मुकाबले जीते. अल्टरनेट किट का इस्तेमाल टीम ने सिर्फ एक बार किया, जब डलास में जॉर्डन के खिलाफ 3-1 की जीत दर्ज की थी. अब सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में अर्जेंटीना एक बार फिर उसी नेवी ब्लू जर्सी के साथ मैदान पर उतरेगा, जिसके साथ उसकी कई यादगार जीत जुड़ी रही हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं