How To Make Raw Mango Powder Recipe: अमचूर पाउडर किसी भी खाने के स्वाद को बढ़ाने का काम करता है. बाजार में मिलने वाले अमचूर पाउडर के दाम आसमान छू रहे हैं, और सबसे बड़ी चिंता यह है कि क्या वह असली है? क्योंकि अक्सर मार्केट वाले अमचूर में लकड़ी का बुरादा या साइट्रिक एसिड मिला दिया जाता है, जो न सिर्फ खाने के स्वाद बल्कि सेहत को बिगाड़ने में भी मददगार है. लेकिन क्या हो अगर हम आपसे कहें कि आप बहुत ही कम पैसे में घर पर फ्रेस अमचूर पाउडर तैयार कर सकते हैं. तो चलिए जानते हैं कैसे बनाएं.
घर पर अमचूर पाउडर बनाने का आसान तरीका- (Easy way to make dry mango powder at home)
1. आम का चुनाव और सफाई-
सबसे पहले बाजार से सख्त और बिल्कुल कच्चे आम खरीदें. ध्यान रहे कि आम अंदर से पीला न हो, वरना अमचूर मीठा बनेगा. इन आमों को साफ पानी से धो लें और कपड़े से पोंछकर इनका पानी सुखा दें.
2. छिलका उतारें-
छिलनी (Peeler) की मदद से आम का ऊपरी हरा छिलका उतार लें. अगर थोड़ा बहुत हरापन रह जाए तो कोई बात नहीं, पर ज्यादा छिलका रहने से पाउडर का रंग काला पड़ सकता है.

3. पतली स्लाइस-
अब आम के गूदे को गुठली से अलग कर लें. इसके बाद चाकू या कद्दूकस की मदद से इसके पतले-पतले चिप्स काट लें. स्लाइस जितनी पतली होगी, उतनी ही जल्दी सूखेगी और पीसते समय उतनी ही आसानी होगी.
4. धूप में सुखाना-
एक बड़ी परात या साफ सूती कपड़े पर आम की स्लाइस को फैला दें. इसे 2 से 3 दिन तक तेज धूप में सुखाएं. जब आप इसे हाथ से तोड़ें और 'कड़क' की आवाज आए, तो समझ जाइए कि यह तैयार है. अगर इसमें थोड़ी भी नमी रही, तो पाउडर खराब हो सकता है.
5. पीसना और छानना-
अब इन सूखे हुए टुकड़ों को मिक्सर जार में डालें और बारीक पीस लें. इस पाउडर को एक महीन छलनी से छान लें ताकि बड़े टुकड़े अलग हो जाएं. बचे हुए टुकड़ों को दोबारा पीस लें.
घर के बने अमचूर के फायदे-
सस्ता- बाजार में 100 ग्राम अमचूर भी महंगा मिलता है, वहीं घर पर आप ढेर सारा पाउडर कम दाम में बना लेते हैं.
शुद्धता- इसमें कोई केमिकल या रंग नहीं होता.
बेहतरीन स्वाद- इसकी खुशबू और खटास बाजार वाले पाउडर से कहीं ज्यादा तेज और अच्छी होती है.
ये भी पढ़ें- खाने में तेल की मात्रा को करना है कम, तो अपनाएं ये आसान तरीके
मोटापा कैसे कम करें? | मोटापा दूर करने के तरीके | Motapa Kaise Kam Kare
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं