Raseeli Boondi Recipe For Hanuman Jayanti: हनुमान जयंती का दिन भक्तों के लिए आस्था और श्रद्धा से भरा होता है. इस खास मौके पर लोग हनुमान को उनकी पसंद का भोग लगाते हैं. माना जाता है कि हनुमान जी को मीठी बूंदी बहुत प्रिय होती है. ऐसे में अगर आप इस बार बाजार से मिठाई खरीदने के बजाय घर पर ही बूंदी बनाएं, तो यह प्रसाद और भी खास बन जाता है. घर की बनी चीज में शुद्धता के साथ भाव भी जुड़ा होता है, जो पूजा को और भी अर्थपूर्ण बना देता है.
रसीली बूंदी बनाने के लिए जरूरी सामग्री- (Ingredients For Making Raseeli Boondi)
बूंदी के लिए,
- 1 कप बेसन
- पानी जरूरत के अनुसार
- तलने के लिए घी या तेल
चाशनी के लिए,
- 1.5 कप चीनी
- 1 कप पानी
- थोड़ा इलायची पाउडर
- कुछ केसर के धागे
गार्निश के लिए,
- खरबूजे के बीज
यह भी पढ़ें- कहीं आपकी प्लेट ही तो नहीं बन रही आपकी कमजोरी की वजह? इन चीजों से बनाकर रखें दूरी
रसीली बूंदी बनाने का तरीका- (How To Make Raseeli Boondi)
- सबसे पहले बेसन को एक बाउल में लेकर उसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए चिकना घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि घोल न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा. इसे कुछ देर ढककर रख दें ताकि बेसन अच्छी तरह फूल जाए.
- अब चाशनी तैयार करने के लिए एक पैन में चीनी और पानी डालकर गर्म करें. जब चीनी पूरी तरह घुल जाए, तो इसमें इलायची और केसर डाल दें. चाशनी हल्की चिपचिपी होनी चाहिए, ज्यादा गाढ़ी नहीं.
- अब कड़ाही में घी या तेल गरम करें. एक झारे की मदद से बेसन का घोल धीरे-धीरे गरम तेल में डालें. इससे छोटे-छोटे गोल बूंदी के दाने बनेंगे. इन्हें हल्का सुनहरा होने तक तलें और बाहर निकाल लें.
- तलने के तुरंत बाद गरम बूंदी को चाशनी में डाल दें. इसे अच्छे से मिलाएं ताकि हर दाने में मिठास समा जाए. लगभग 20-25 मिनट तक बूंदी को चाशनी में रहने दें ताकि वह अच्छी तरह रसदार हो जाए.
सही बूंदी बनाने के लिए टिप्स
अगर बूंदी का आकार सही नहीं बन रहा है, तो घोल का गाढ़ापन ठीक करें. पतला घोल बूंदी को फैला देगा, जबकि ज्यादा गाढ़ा घोल उसे लंबा बना सकता है. साथ ही तेल अच्छी तरह गरम होना चाहिए, तभी बूंदी फूली और गोल बनेगी.
भोग को इस तरह बनाएं खास
तैयार बूंदी को ऊपर से खरबूजे के बीज डालकर सजाएं. इसे साफ बर्तन में रखें और पूरे मन से भगवान को अर्पित करें.
Watch Video: History of Samosa- Swaad Ka Safar | समोसे का इतिहास | जानें ईरान से भारत कैसे पहुंचा समोसा
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं