Moong Dal Barfi Recipe In Hindi: भारत में त्यौहार मतलब तरह-तरह की मिठाई. हम सबके घरों में त्यौहार आने से पहले ही कई तरह की मिठाइयां बनना शुरू हो जाती है. क्या आप भी मीठा खाने के शौकीन हैं लेकिन इस बार कुछ हेल्दी और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो बाजार की मिलावटी मिठाइयों को कहें बाय-बाय और निशा मधुलिका द्वारा अपने (@nishamadhulika) यूट्यूब चैनल पर शेयर रेसिपी को एक बार जरूर करें ट्राई.
बिना मावा, बिना घी और बिना मिल्क पाउडर के बेहद स्वादिष्ट मूंग दाल बर्फी घर पर आसानी से तैयार की जा सकती हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको घंटों तक दाल को भिगोकर रखने की भी कोई जरूरत नहीं है. आइए जानते हैं इसे बनाने का बहुत ही आसान तरीका.
यहां देखें रेसिपी वीडियो-
अगर आप फटाफट इस रेसिपी को पढ़ना चाहते हैं, तो स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी नीचे है-
कैसे बनाएं मूंगदाल बर्फी- (How To Make Moong Dal Burfi)
सामग्री-
- मूंग दाल- 1 कप
- ताजी मलाई- 1 कप
- केसर- 15-20 धागे
- पिसी हुई चीनी- 1 कप
- छोटी इलायची- 6
- ड्राई फ्रूट्स- बारिक कटे काजू-बादाम
विधि-
- सबसे पहले मूंग दाल को एक गीले और साफ कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें ताकि उस पर लगी धूल साफ हो जाए.
- अब एक कढ़ाई में दाल को हल्की और मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें.
- इसे तब तक भूनना है जब तक दाल का रंग हल्का भूरा न हो जाए और उसमें से बढ़िया खुशबू न आने लगे.
- जब दाल अच्छी तरह भून जाए, तो गैस बंद कर दें और दाल को एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें.
- ठंडी होने के बाद इसे मिक्सर में डालकर एकदम बारीक पाउडर जैसा पीस लें.
- पिसे हुए आटे को छलनी से छान लें, ताकि अगर कोई मोटा दाना रह गया हो तो वह अलग निकल जाए.
- अब उसी कढ़ाई में ताजी मलाई डालें और उसे थोड़ा गर्म करें. मलाई के साथ ही दूध में भिगोया हुआ केसर भी डाल दें.
- जब मलाई हल्की गर्म हो जाए, तो इसमें पिसा हुआ मूंग दाल का आटा डालें और अच्छी तरह मिलाते हुए भूनें.
- इसके बाद इसमें पिसी हुई चीनी और दरदरी कुटी इलायची डाल दें. धीमी आंच पर सब कुछ लगातार चलाते हुए तब तक भूनें जब तक कि मिक्सचर गाढ़ा न हो जाए.
- जब मिक्सचर गाढ़ा हो जाए, तो गैस बंद कर दें. गरम कढ़ाई में ही मिक्सचर को थोड़ी देर और चलाएं.
- अब एक थाली या ट्रे में थोड़ा सा घी लगाकर उसे चिकना कर लें.
- तैयार मिक्सचर को थाली में निकालें और चम्मच की मदद से ऊपर से बराबर कर लें.
- अब इसके ऊपर कटा हुआ बादाम और पिस्ता डालें और चम्मच से हल्का सा दबा दें ताकि मेवे चिपक जाएं.
- इसे थोड़ा ठंडा होने दें, फिर सेट होने के लिए 1 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें.
- 1 घंटे बाद फ्रिज से निकालें और बर्फी पर काटने के निशान लगा लें. थाली को नीचे से 10-12 सेकंड के लिए हल्का सा गर्म करें, इससे बर्फी के टुकड़े आसानी से बाहर निकल आएंगे.
- आपकी स्वादिष्ट मूंग दाल बर्फी तैयार है, जब भी मीठा खाने के मन करें एक पीस निकालें और खा लें.
मूंग दाल बर्फी की न्यूट्रिशन वैल्यू (प्रति पीस ये अनुमानित है)
- कैलोरी- 90-120
- प्रोटीन- 3-4 ग्राम
- कार्बोहाइड्रेट- 12-15 ग्राम
- फैट- 3-5 ग्राम
- फाइबर- 1-2 ग्राम

मूंग दाल बर्फी खाने के फायदे-
- मूंग दाल शरीर को अच्छी क्वालिटी का प्लांट प्रोटीन देती है.
- मावा और मिल्क पाउडर की जरूरत नहीं, इसलिए यह लाइट हेल्दी मिठाई बन जाती है.
- मूंग दाल अन्य कई दालों की तुलना में आसानी से पच जाती है.
- घर पर बनी होने की वजह से मिलावट का डर नहीं रहता.
- त्यौहारों और व्रत के बाद एनर्जी देने में मदद कर सकती है.
कितने दिनों तक स्टोर कर सकते हैं?
- फ्रिज में एयरटाइट कंटेनर में 8-10 दिन तक.
- कमरे के तापमान पर 5 दिन तक.
- नमी से बचाकर रखें
मूंग दाल बर्फी को लेकर सबसे ज्यादा पूछे जाने वाले सवाल- (FAQs)
1. क्या बिना मावा के मूंग दाल बर्फी स्वादिष्ट बन सकती है?
हां, सही तरीके से भूनने पर इसका स्वाद बेहद लाजवाब बनता है.
2. क्या चीनी की जगह गुड़ इस्तेमाल कर सकते हैं?
हां, स्वाद और स्वास्थ्य के हिसाब से गुड़ का इस्तेमाल किया जा सकता है.
3. क्या इस बर्फी को वेट लॉस डाइट में खा सकते हैं?
सीमित मात्रा में खाया जा सकता है, लेकिन इसमें चीनी होती है इसलिए मात्रा पर ध्यान दें.
4. क्या डायबिटीज मरीज यह बर्फी खा सकते हैं?
डॉक्टर की सलाह से कम मात्रा में या शुगर-फ्री ऑप्शन के साथ.
5. क्या बच्चों को मूंग दाल बर्फी दे सकते हैं?
हां, यह घर की बनी पौष्टिक मिठाई है.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: बेसन, घी और चीनी से झटपट ऐसे तैयार करें मुंह में घुल जाने वाली हलवाई जैसी मोहनथाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं