बारिश के मौसम में कई लोगों को गरमा-गरम चाय के साथ आलू भुजिया या नमकीन खाना पसंद होता है. हालांकि, बार-बार बाजार से पैकेट वाली नमकीन खरीदकर खाना सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जाता. ऐसे में अगर आप कुछ स्वादिष्ट और हेल्दी विकल्प ढूंढ रहे हैं, तो शेफ कुणाल कपूर की मसूर दाल नमकीन रेसिपी आपके काम आ सकती है.
शेफ कुणाल कपूर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर प्रोटीन से भरपूर कुरकुरी मसूर दाल नमकीन की रेसिपी शेयर की है. यह स्नैक स्वाद में चटपटा होने के साथ-साथ पोषण से भी भरपूर है. चाय के साथ इसे आसानी से परोसा जा सकता है और इसे घर पर बनाना भी बेहद आसान है.
नमकीन बनाने के लिए सामग्री
- साबुत मसूर दाल (1 कप)
- हींग (½ छोटा चम्मच)
- लाल मिर्च पाउडर (1 छोटा चम्मच)
- चाट मसाला (1 छोटा चम्मच)
- काला नमक (½ छोटा चम्मच)
- नमक (स्वादानुसार)
- तलने के लिए तेल
बनाने की विधि
- सबसे पहले मसूर दाल को अच्छी तरह धो लें और करीब 4 घंटे या रातभर के लिए पानी में भिगो दें.
- इसके बाद दाल का सारा पानी निकालकर उसे छन्नी में रख दें.
- जब सर पानी निकल जाए, तो दाल को एक साफ सूती कपड़े पर फैलाकर 30 से 45 मिनट तक पंखे के नीचे सूखने दें.
- ध्यान रखें कि दाल में बिल्कुल नमी न रहे, क्योंकि नमी रहने पर दाल कुरकुरी नहीं बनेगी.
- अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें.
- सूखी हुई दाल को जालीदार छलनी या मेटल स्ट्रेनर में भरकर गर्म तेल में डालें.
- मीडियम आंच पर दाल को लगातार चलाते हुए तब तक तलें, जब तक वह सुनहरी और कुरकुरी न हो जाए.
- इसके बाद तली हुई दाल को एक बाउल में निकाल लें.
- अब इसमें हींग, लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला, काला नमक और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- कुछ ही मिनटों में आपकी चटपटी और क्रंची मसूर दाल नमकीन तैयार हो जाएगी.
इसे भी पढ़ें: बालों को झड़ने से बचाने के लिए, महंगे हेयर प्रोडक्ट नहीं, रोज खाएं बायोटिन बाइट्स, कुछ ही दिनों मे दिखेगा फर्क
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं