कभी ऐसा हुआ है कि आप मिक्सी में चटनी पीसने जा रहे हों और मिक्सी बस चीजों को घुमा रही हो, पर ठीक से पीस न रही हो? ऐसा अक्सर तब होता है जब मिक्सी के ब्लेड की धार कम हो जाती है. हम में से ज्यादातर लोग यही सोचते हैं कि अब तो नया ब्लेड डलवाना पड़ेगा या फिर पूरी जार बदलनी पड़ेगी. लेकिन ये जरूरी नहीं है, इसके लिए आपको मार्केट भागने या पैसे खर्च करने की कोई जरूरत नहीं है. आप घर की ही कुछ सामान्य चीजों से इन ब्लेड्स को एकदम नया जैसी धार दे सकते हैं.
आइए जानते हैं कुछ ऐसे ही आसान और घरेलू नुस्खे, जिनकी मदद से आप आसानी से घर बैठे धार को तेज कर सकते हैं.
अंडे के छिलकों का कमाल:
- सबसे पहले कुछ अंडों के छिलकों को अच्छे से धोकर धूप में सुखा लें.
- अब इन सूखे छिलकों को मिक्सी के जार में डालें और मिक्सी को कुछ सेकंड के लिए चला दें.
- छिलकों की जो हल्की खुरदरी बनावट होती है, वह ब्लेड्स पर जमी गंदगी को साफ कर देती है और उनकी धार को भी थोड़ा सुधार देती है.
मोटा नमक यानी रॉक सॉल्ट आएगा काम:
- एक बड़े चम्मच जितना मोटा या सेंधा नमक जार में डालिए.
- मिक्सी को बस कुछ सेकंड के लिए पल्स मोड पर चलाएं.
- नमक के जो दाने होते हैं, वे थोड़े सख्त होते हैं, जब वे ब्लेड से टकराते हैं, तो ब्लेड का हल्का-फुल्कापन और घिसाव कम होता है और धार बेहतर हो जाती है.
बर्फ के टुकड़े करेंगे कमाल:
- जार में बर्फ के कुछ टुकड़े डालिए और मिक्सी को थोड़ी देर के लिए चला दीजिए.
- बर्फ की ठंडक और उसका कड़ापन ब्लेड्स को अंदर से साफ करने में मदद करता है.
- इसके अलावा, ब्लेड के आस-पास जो जिद्दी मसाले या खाने के टुकड़े चिपके रहते हैं, वे भी बर्फ के साथ आसानी से छूट जाते हैं.
बेकिंग सोडा का पेस्ट:
- थोड़ा सा बेकिंग सोडा लें और उसमें पानी मिलाकर गाढ़ा सा पेस्ट बना लें.
- इस पेस्ट को ब्रश की मदद से बहुत सावधानी से ब्लेड्स पर लगा दें.
- इसे 5 मिनट के लिए वैसे ही छोड़ दें और फिर हल्के हाथों से ब्रश से साफ कर लें, इससे सारी चिकनाई और मैल गायब हो जाएगी और मिक्सी मक्खन जैसी चलने लगेगी.
इसे भी पढ़ें: रोज एक चम्मच खाली पेट घी खाने से क्या होता है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं