देशभर में महापर्व छठ बड़ी ही धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है. छठ पूजा की शुरुआत कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि यानी आज शुक्रवार से हो गई है और इसका समापन सप्तमी तिथि पर होता है. चार दिनों तक चलने वाले महापर्व सूर्य देव और छठी मैया की पूजा के लिए समर्पित होता है. छठ पूजा का सबसे प्रमुख प्रसाद ठेकुआ होता है. ठेकुआ बिहार और पूर्वांचल की पारंपरिक मिठाइयों में से एक है. इसका स्वाद और खुशबू हर किसी को पसंद आती है. आमतौर पर ठेकुआ बनाने के लिए इसे तेल या घी में तला जाता है, लेकिन क्या आपने कभी बिना तेल के ठेकुआ बनाया है? अगर आप हेल्दी खाना पसंद करते हैं और तली हुई चीजों से बचना चाहते हैं, तो एयर फ्रायर में बना खस्ता ठेकुआ एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. चलिए आपको बताते हैं बिना तले ठेकुआ कैसे बनाएं? एयर फ्रायर में ठेकुआ बनाने का सही तरीका क्या है?
बिना तले ठेकुआ कैसे बनाएं?
यूट्यूब पर @Madhavi'sKitchen नाम के चैनल पर एक वीडियो शेयर किया गया है. इस वीडियो में माधवी ने बताया कि घर पर बिना तेल एयर फ्रायर में ठेकुआ कैसे बनाएं. एयर फ्रायर में ठेकुआ बनाने के लिए आपको 2 कप गेहूं का आटा, 4 बड़े चम्मच घी, 1 कप गुड़ का पाउडर, 1 बड़ा चम्मच सौंफ, एक चौथाई कप कटा हुआ सूखा नारियल और 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर चाहिए. इसके अलावा आटा गूंथने के लिए थोड़ा दूध लें.
ठेकुआ का आटा बनाएं
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें. इसमें घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. आटे को हथेलियों से मसलें, ताकि घी अच्छी तरह मिल जाए. जब आटा मुट्ठी में दबाने पर बंधने लगे, तो समझ जाएं कि घी अच्छी तरह मिल गया है. अब इसमें सौंफ, कटा हुआ नारियल, इलायची पाउडर और गुड़ का पाउडर डालें. अब इन सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. इसके बाद थोड़ा-थोड़ा दूध डालते हुए सख्त आटा तैयार करें. आटे को रोटी की तरह मुलायम नहीं गूंथना है. इसे बस इतना गूंथें कि सभी चीजें आपस में अच्छी तरह मिल जाए.
ठेकुआ को दें मनपसंद डिजाइन
अब तैयार आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. इन्हें ठेकुआ के सांचे पर रखकर हल्के हाथों से दबाएं. इससे ठेकुआ पर सुंदर डिजाइन बन जाएगा. अगर आपके पास सांचा नहीं है, तो चम्मच या कांटे की मदद से भी डिजाइन बना सकते हैं. इसी तरह सारे ठेकुआ तैयार कर लें.
एयर फ्रायर में ठेकुआ कैसे बनाएं?
अब एयर फ्रायर की बास्केट में पेपर ट्रे बिछाएं और उसमें ठेकुआ रख दें. सभी ठेकुआ के बीच थोड़ी जगह हो. एयर फ्रायर का तापमान 180 डिग्री सेल्सियस पर सेट करें और 15 मिनट का टाइमर लगाएं. 15 मिनट बाद ठेकुआ का रंग सुनहरा और बनावट खस्ता हो जाएगी. अगर ठेकुआ अच्छी तरह नहीं पके हैं, तो इन्हें 5 से 10 मिनट और पकाया जा सकता है. इसी तरह बाकी ठेकुआ भी तैयार कर लें. इसके बाद एयर फ्रायर में बने ठेकुआ को पूरी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद इन्हें एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें.
यह भी पढ़ें:- घर पर केसर कैसे उगाएं? कंटेनर और गमले में केसर लगाने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- कुंदरू का अचार कैसे बनाएं? कड़ाही में चटपटा Kundru Ka Achar बनाने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- कुकर में 1 गिलास चावल में कितना पानी डालना चाहिए? प्रेशर कुकर में चावल सही तरीके से कैसे पकाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं